Showing posts with label कनिष्क गुप्ता. Show all posts
Showing posts with label कनिष्क गुप्ता. Show all posts

Tuesday, June 18, 2024

स्क्रीन पर प्रेम रचता है ये लड़का


एक बदली पलकों पर आ बैठी है...उस बदली को मेरे मुस्कुराने का इंतज़ार है और मुझे उसके बरसने का। हम दोनों इंतज़ार की ड्योढ़ी पर बैठी हुई हैं। बारिशें बस होने को हैं। राहत की बारिशें, उम्मीद की बारिशें... 

इन दिनों यात्राओं में नहीं हूँ लेकिन यात्रा पर ही हूँ। अक्सर ऐसा महसूस होता आया है किसी यात्रावृत्त को पढ़ते हुए लेकिन इन दिनों ऐसा हो रहा है यात्रा में किसी को देखते हुए। तकनीक के बढ़ते कदम कितनी राहतें लेकर आए हैं। बस हमें ढूंढनी हैं ये राहतें। इन दिनों मेरी राहतें हैं कनिष्क गुप्ता के ट्रैवेल वीडियो। पहली बार जब कनिष्क का वीडियो देखा था तब ही लगा था कि ये कुछ अलग है। ट्रैवेल वीडियो के नाम पर दृश्य, सूचनाओं के ढेर और अति उत्साह में की गयी कमेंटरी कुल मिलाकर कुछ खास कनेक्ट नहीं कर पाते।

कनिष्क ने कुछ प्रयोग किए हैं। उनके वीडियो शुरू होते हैं और स्क्रीन पर सुंदर दृश्यों के साथ ठहरा हुआ स्वर उभरता है। कितनी ही बार रोएँ खड़े हुए इन वीडियो को देखते हुए। कितनी बार सुख आँखों से फिसलकर गालों पर टहलता हुआ भी मिला है। कनिष्क खूब रिसर्च करते हैं लेकिन उस रिसर्च को सूचनाओं की तरह नहीं किसी प्रेमगीत की तरह साझा करते हैं। आप उनके साथ मेघालय जाइए, दार्जिलिंग जाइए, हर्षिल, स्पीति, अरुणाचल या कहीं और आप भूल जाएंगे कि आप किसी कमरे में बैठे हैं और देख रहे हैं। 

कनिष्क स्क्रीन पर कोई जादू रचते हैं। बादलों का उठता हुआ सैलाब, हरियाली का उगता समंदर, घर, जंगल, फल, फूल, रोटी, चाय, लोग, मुस्कुराहटें ऐसे संग आ बैठते हैं करीब कि मन हल्का होने लगता है। बैकग्राउंड म्यूजिक ऐसा जैसे बारिश गुनगुनाने लगी हो, धरती नृत्य करने लगी हो। एक ही वीडियो को न जाने कितनी बार देखने के बाद भी मन नहीं भरता तो किसी दोस्त को भेज देती हूँ कि लो, तुम भी तो देखो। काम की आपाधापियों के बीच में एक छोटे से ब्रेक में भी इन वीडियोज़ ने राहत दी है।

घूमना कैसा होना चाहिए, कैसे होना चाहिए ये बताते हैं कनिष्क। कैमरा वर्क तो शानदार है ही कनिष्क की कमेंटरी जैसे कोई संगीत सा झरता हो। कोई हड़बड़ी नहीं, कहीं पहुँचने की कोई जल्दी नहीं, कुछ बताने की जल्दबाज़ी नहीं। कनिष्क वीडियो के बहाने हर लम्हे को जी भरके जीते हैं, खुश रहते हैं और यह उनके बोलने में, चलने में, मुस्कुराने में, थक कर बैठ जाने में भी खूब झलकता है।

इन दिनों ये वीडियो राहते हैं....प्रकृति और प्रेम को बचा लीजिये सब बचा लेंगे। प्रकृति के प्रेम में डूबा यह लड़का दुनिया में कितना कुछ बचा रहा है, ये बात शायद ये खुद भी नहीं जानता। फिलहाल कनिष्क राहत हैं...प्रेम हैं...भरोसा हैं, सुख है।
@KanishkGupta
https://www.instagram.com/knishkk/