Saturday, June 27, 2020

दूर ही होता है बहुत दूर


इस दरमियान मैंने एक नया दोस्त बना लिया है. जीवन. मुझे लगता है जीवन भी मेरी तरह है, उलझा हुआ, बेचैन, थोड़ा संजीदा, थोड़ा शैतान. सबको लगता है जीवन के पास हर बात का जवाब होगा लेकिन असल में वह एक छोटे से सवाल से भी परेशान हो जाता है, सर खुजाने लगता है. चाय के बहाने सवालों से दूर निकल जाता है. अब चूंकि हमारी दोस्ती हो गयी है तो वो मुझे और मैं उसे देखकर देर तक हंसते रहते हैं. सलीम और बंटी की समझदारियों पर खामोश रहते हैं. जीवन बंटी और सलीम को देखकर कहता है अभी इन्हें पता नहीं कि यह जो समझदार होना है न इनका, यही इन्हें डुबोयेगा फिर आयेंगे इसी जीवन के पास और तब मैं चल दूंगा. यह कहते हुए वह मुस्कुराता है. मैं उससे कहती हूँ नहीं, तुम चल नहीं दोगे, चल देने का नाटक करोगे क्योंकि हो तो तुम दोस्त ही न, तो तुम साथ छोड़ नहीं पाओगे. जीवन फिर से सर खुजाने लगता है. समझदारी वाली कोई बात जीवन को भाती ही नहीं वो ऐसी तमाम बातों से दूर जाना चाहता है...बहुत दूर. बिना यह जाने कि बहुत दूर कितना दूर होता है.

ली-वान को जहाँ छोड़कर मैं इधर-उधर भटकने निकल गयी थी कि शायद उससे बातें करना बचाकर कुछ बचा लूंगी वो वहीं बैठी मिली. इस बीच उसने न जाने कितनी कॉफ़ी पी, कितनी बार घड़ी देखी पता नहीं. लेकिन जैसे ही मैंने पेज 140 खोला वो मुस्कुराती हुई मिली. मुझे लगा वो पूछेगी 'कहाँ रह गयी इतने दिन' लेकिन वो पूछती है, 'पाकिस्तान कैसा है?'

लेखक कहता है,' मैं कभी गया नहीं हूँ पाकिस्तान पर वह बहुत सुंदर है. बिलकुल भारत जैसा सुंदर.' दोनों बहुत एक जैसे हैं. दोनों अपने भीतर बहुत सारी हलचल पाले रहते हैं.'

'यह वाक्य कितना काव्यात्मक लगता है कि शायद हम मनुष्यों की आखिरी जनरेशन होंगे जो अपने समय में इस दुनिया को खत्म होता देखेंगे...' ली वान कहती है.

ली-वान खूबसूरत है. वो चाइना से है लेकिन असल में वो पूरी दुनिया की है. घुम्मकडी उसका काम भी है और शौक भी. वो बहुत सी भाषाएँ जानती है और पूरी दुनिया से प्यार करती है. ली-वान की ख़ास बात है कि वो अपनी दुनिया में आये दिए बगैर आपकी दुनिया में शामिल हो जाती है, बिना कोई ज्यादा जगह घेरे.

ली-वान के साथ रात के शहर को देखना अलग ही अनुभव है. वो जानती है कि किसी शहर से दोस्ती करनी हो तो उस शहर में पैदल घूमना चाहिए. उसके चेहरे पर छाई बच्चों सी किलक के बीच सीरियाई बच्चों की चिंता की लकीरों को अलग करके उसे देख पाना आसान नहीं. वो अपने साथ अनगिनत सवाल लिये फिरती है. लेकिन वो अनजाने हमारे बिना पूछे सवालों की बाबत आसानी से बात कर लेती है,' तुम्हें पता है मैं सामाजिक विज्ञान की छात्र हूँ. असल में मुझे ऐसा लगता है कि जैसे ही लोग शादी करते हैं, वह एक बाज़ार की साजिश का शिकार हो जाते हैं. बच्चे होने के बाद वह बाज़ार के बने बनाये एक ढांचे में घुसते हैं और उन्हें वही करना होता है जो समाज उन्हें कहता है कि यह सही है और यह गलत. प्रश्न करते ही वे उस व्यवस्था को चैलेंज करते हैं, जिसके भीतर वे गले तक डूबे हुए हैं. यह बहुत अद्भुत है कि हम इंसानों ने कैसे बाज़ार के सामने घुटने टेक दिए हैं और समाजशास्त्र कोई दूसरा तरीका जो सभ्य समाज को भी बनाये रखे, खोजने में नाकाम रहा है.'

ली-वान प्यारी हो तुम. तुम मेरे मन की बातें कहती हो.लेकिन जैसा कि हर यात्रा का हासिल चलते जाना है, इस चलते जाने में लोगों का चीज़ों का, शहरों का भावनाओं का छूटते जाना लाजिम है. ली-वान भी छूट जाती है.

कभी सोचती हूँ कि ली-वान, मार्टिन, कैथरीन, जंग-हे अगर कभी मिलें तो कितना अच्छा हो. अगर मैं उन शहरों में कभी गयी तो बिना उनसे मिलने की इच्छा लिए उन्हें जरूर ढूंढूंगी. कोरियन दोस्त को भी...हालाँकि इन सबने मिलकर मुझे खुद को ढूँढने में बहुत मदद की है. उन्होंने मेरी सुबहों में शामिल होकर बताया है कि यथार्थ में बहुत दूर...अकसर सच में बहुत दूर ही होता है, अपनी कल्पना में हम उस दूरी को कुछ कम करते हुए थोड़ा पास ला सकते हैं.

मेरी आँखें भरी हुई हैं...मुझे एकदम अच्छा नहीं लग रहा. जीवन मुझे देखकर मुस्कुराता है. जीवन यात्रा की पुकार से बड़ी कोई पुकार नहीं...कि दफ्तर की मीटिंग का वक़्त हो चला है...

Friday, June 26, 2020

ये जो पढ़ना होता है न



जब कोई लिखने की बाबत बात करता है तो मुझे लगता है उसे पढ़ने की बाबत बात करनी चाहिए. मसलन, लिखने में मुश्किल होती है, कैसे शब्द, कैसे वाक्य, कैसी क्रमबध्दता समझ में नहीं आता और तब मैं अपने भीतर कहीं दुबक जाती हूँ. मुझे इन सवालों के जवाब नहीं मालूम. लेकिन मुझे लगता है कि अगर मुझे मेरे लेखकों से कुछ पूछना हो तो मैं यह पूछने की बजाय कि फला महान रचना आपने कैसे लिखी मैं यह महसूस करना चाहूँगी कि कितने जख्म, कितनी सलवटें, कितनी पीड़ा और कितने सुख से गुजरा होगा यह लेखक. कितना अप्रिय है अपने प्रिय लेखक के सामने खुद को अपने अधकचरे लिखे के साथ एक लेखक की तरह पटक देना और मुस्कुराकर देखना लेखक की प्रतिक्रिया.

इन दिनों पहले से पढ़ी हुई किताबों को फिर से पढ़ रही हूँ, पहले देखे सिनेमा को फिर से देख रही हूँ. और मुझे कुछ नया ही दिख रहा है, कुछ नया समझ पा रही हूँ. शायद कुछ बरस बाद कुछ और पढ़ सकूं उसी रचना में. यह लेखक की नहीं पाठक की यात्रा की बाबत है.

साहित्यिक गतिविधियों की जोर आजमाइश से बहुत दूर पाठक को अपनी यात्रा खुद तय करनी होती है. लिखे हुए को उलट-पुलट कर देखते हुए अपने सम को समाज और लेखक के सम से मिलाते हुए. या मिलते हुए देखते हुए. मैं गोता लगाते हुए पढ़ती हूँ, इस प्रकिया में कई बार डूब भी जाती हूँ, गुड्प की कोई आवाज नहीं आती. लेकिन हर रचना डुबो ही देगी यह जरूरी नहीं. कुछ रचनाएँ मैंने रचनाओं की दहलीज पर बैठकर ही पढ़ लीं, वो अच्छी रचनाएँ थीं, कुछ रचनाओं को उनमें पाँव डालकर बैठे हुए पढ़ा. उन्हें पढ़ने का सुख हुआ. उन्हें पढ़ते हुए कई बार ठंडी हवाओं ने माथा सहलाया. कुछ रचनाएं इतनी निर्मम थीं कि उन्होंने बुक शेल्फ में सज जाना तो मंजूर किया लेकिन हाथ लगाने की मनाही कर दी, इस उद्घोषणा के साथ कि 'तुम अभी योग्यता ग्रहण करो'. उनके कुछ पन्नों तक जाकर लौट आना पड़ा हर बार. कुछ रचनाएँ विनम्र थीं, खुद आयीं पास, हाथ थामा और किलकते हुए खींचकर ले गयीं ठीक बीच धार में...फिर जब उस धार में धंसे रहने का सुख आने लगा उन्होंने हमें छोड़ दिया...

एक पाठक के तौर पर इन सब अनुभवों से गुजरना खूब हुआ. ऐसे ही बीच धार में छूटे हुए लम्हों में खुद के बारे में सोचते हुए महसूस हुआ कि मुझे इन दिनों कहानियों में रुचि कम होने लगी है. या यूँ कहूँ कि उन कहानियों में जिनमें यथार्थ का खुरदुरापन कम हो और लेखकीय कौशल ज्यादा. यूँ मुझे हमेशा से डायरियां पढ़ना ज्यादा पसंद रहा. डायरी पढ़ते हुए यात्राओं को पढ़ना अच्छा लगने लगा. फिर संस्मरण और कवितायें. उपन्यास, कहानियां पढ़ना जाने क्यों कम होता जा रहा है.

कहानियों का जो कहानीपन है मुझे कम रुचता है. सोचे हुए कथ्य के साथ लेखकीय कारस्तानियों को जानने से ज्यादा रुचि मुझे लेखक की सहज अभिव्यक्ति में है. शायद इसीलिए ऐसे तमाम लेखक हैं जिनकी डायरियों को, यात्रा वृत्तों को पढ़ने में खूब मजाआया लेकिन उनकी कहानियों से रिश्ता बना नहीं. 

हालाँकि कल एक और खेप आई है किताबों की, जिनमें कुछ उपन्यास भी हैं और कहानियां भी.

Tuesday, June 23, 2020

नींद तुम ख्वाब मैं


भरे-भरे बादल कबसे टंगे हुए हैं...ये किसके इंतजार में हैं. बरसते क्यों नहीं. जाने कहाँ चला गया है चिड़ियों का झुण्ड कि चुपचाप झरती पत्तियों की आवाजों को फिर से गाड़ियों के शोर ने ढांक दिया है. फल सारे उतर चुके हैं पेड़ों से शाखें खाली हैं, उदास हैं. यह ठहरे हुए लम्हे सहन नहीं हो रहे. मैंने फूलों की डाल को जोर से हिलाया कि कुछ हरकत तो है, कि यह स्टिल दृश्य नहीं है.

फूलों से भरी डाल इतनी जोर से हिलाए जाने बाद भी एक भी फूल नहीं छोडती धरती पर गिरने के लिए. ऐसा कैसे हो सकता है. लेकिन यह हो रहा है. कल रात मेरी नींद में जो ख्वाब चला आया था वो मेरा ख्वाब नहीं था तो वो मेरी नींद में क्यों था. उसमें मैं क्यों थी. अगर उसमें मैं थी तो मेरी बात सुनी क्यों नहीं गयी. बहुत अजीब है ये सब. मैं ऐसे तमाम सपनों को तोड़ दूँगी जिसमें मुझे जबरन रख दिया गया होगा और जिनमें मेरी आवाज की कोई आवाज नहीं होगी.

मैं नींद से उठकर पूरे घर का चक्कर लगाती हूँ ताकि उस उस ख्वाब को पटखनी दे दूं. उस ख्वाब को तो मैंने तोड़ दिया जो मेरा नहीं था लेकिन मेरी नींद में पैबस्त कर दिया गया था लेकिन इस सुबह का मैं क्या करूँ?

सोचती हूँ उसकी नींद का ख्वाब बन जाऊं...उसे वैसे ही दिक् करूँ जैसे वो मुझे करता रहा है...ख्वाब का यह ख्याल भी कितना सुंदर है.

डाल पर मुस्कुराते हुए फूलों को देखती हूँ, यूँ किसी के कहने पर डाल से न झरना, झरना तब जब तुम्हारा मन हो,..ये आंधियों को मुंह चिढाने की प्रैक्टिस है. मैं भरे हुए बादलों को देख रही हूँ, वो मुझसे कह रहे हैं,' तुम खुद बरस क्यों नहीं जातीं? मैं कहती हूँ ऑफिस को देर हो रही है...

Monday, June 22, 2020

रिहा होना जरूरी है...

तस्वीर-गोवा के एक गाँव की 

मेरे भीतर जो शब्द भर गये थे, उन्हें उलीच रही हूँ कुछ दिन से. अब जब काफी शब्दों को उलीच के बाहर फेंक चुकी हूँ तो देख रही हूँ उन शब्दों ने 'बहुत कुछ' को ढंक रखा था. वो बहुत कुछ जो जाने कहाँ से आ गया होगा. उस बहुत कुछ में निराशा का हिस्सा ज्यादा है. निराशा जो उम्मीद से जन्म लेती है. निराशा जो ज्यादा होते जाने पर दुःख बन जाती है.

फिर मैंने बचे हुए शब्दों को भी निकाल फेंकना चाहा, मैं उस 'बहुत कुछ' के करीब जाना चाहती थी जो मुझमें है और मुझे लग रहा था वो नहीं है. यह तो बेईमानी हुई न. मेरे ही भीतर  'यह बहुत' कुछ चिपक कर रह रहा है और मुझे ही पता नहीं. लेकिन जब बचे हुए शब्दों को मैंने खींचकर अलग करना चाहा तो मुझे बहुत दर्द हुआ. चीख निकल गयी. ये शब्द मेरी आत्मा से चिपक गये थे. इन शब्दों में जैसे मेरा खून बहने लगा है. इन्हें अलग करना लहूलुहान होने के सिवा कुछ नहीं. फिर मैंने इन कुछ शब्दों को छोड़ दिया. यह मान लिया कि ये शब्द अब जड पकड़ चुके हैं.

मैंने उस 'बहुत कुछ' को निकालकर बाहर मेज पर लाकर पटक देना चाहा, लेकिन वह 'बहुत कुछ' मुस्कुरा दिया. वह बहुत कुछ मेरी कामनाओं, इच्छाओं से बना था. वो जो छोटे-छोटे दुःख थे असल में वो बड़े दुखों को ढंके हुए थे, वो जो छोटे-छोटे से सामान्य शब्द हैं वह बहुत बड़े दुःख के तिलिस्म को संदूक में बंद करके ताला लगाने की कोशिश हैं. लेकिन क्यों बड़े दुःख को संदूक में बंद करना, क्यों रिहा नहीं करना.

शायद इसलिए कि रिहा करने से पहले रिहा होना जरूरी होता है. यह जो ढेर सारे चमकीले शब्दों के नीचे तलहटी में धंसा हुआ है 'बहुत कुछ' होकर वो रिहा नहीं होने देता कुछ.अचानक छुपाकर रखा हुआ दुःख तलहटी पर उतर आया. तैरने लगा. मुझे बहुत घबराहट हुई. मैंने अपने भीतर से उलीच कर बाहर फेंके हुए शब्दों को फिर से अंदर भर लिया. कुछ नए चमकदार शब्दों को भी भर लिया.अब कुछ ठीक लग रहा है...लेकिन यह 'कुछ ठीक लग रहा है' असल में धोखा है. क्योंकि अब मैंने अपने भीतर के उस बहुत कुछ को देख लिया है अब शब्दों के जादू से उसे ढंक नहीं पाऊंगी.

सोच रही हूँ एक दिन मैं बिना शब्दों के काम चलाना सीख जाऊंगी. सिर्फ मुस्कुराकर या पलकें झपकाकर या सिर्फ उन शब्दों से जो मुझमें अब सांस लेने हैं. और तब यह बहुत कुछ मेरे भीतर नहीं रहेगा, दुःख भी नहीं रहेगा...फिर मैं उस खाली जगह का क्या करूंगी...

मैं अपनी काफ्काई हरारत से निकलकर चाय का पानी चढाते हुए सोच रही हूँ...बेवजह की चीज़ों की तरह बेवजह के शब्द भी खूब जमा कर लिए हैं हमने. करतब दिखाने वाले शब्दों से मुझे चिढ है. चाय की भाप के साथ अदरक इलायची की खुशबू भी मेरे चेहरे पर जमा हो रही है...सबसे सच्चा शब्द कौन सा है जीवन का...

Sunday, June 21, 2020

छूटी हुई चीजों की जड़ें निकल आती हैं...


और इस तरह मैंने जड़ें फूटने की आस में कुछ पन्ने छोड़ दिए पढ़ने से...क्योंकि सुना है छूटी हुई चीज़ों की जड़ें निकल आती हैं. अब तक पढ़े हुए को बार-बार पढने की इच्छा को मुठ्ठियों में जोर से भींचकर कल सारा दिन नीम हरारत में गुजारना अच्छा था. जड़ें फूटने की आस के बीज को बाहर रख दिया. बारिश में. अंकुर फूटेंगे यह सोचकर.

सब कुछ होना बचा रहेगा...को किसी मन्त्र की तरह बुदबुदाते हुए पहली बार विनोद कुमार शुक्ल जी से हुई छोटी सी बात को बार-बार याद करती रही.

अदरक नहीं थी घर में, मुझे बिना अदरक वाली चाय पसंद नहीं फिर भी कल मैंने दिन में कई बार चाय पी. और चाय मुझे बुरी नहीं लगी. फिर मैंने अकीरा कुरोसावा का सिनेमा देखा, मंगलेश डबराल जी की फेसबुक वॉल पर कुछ दिन पहले कविता और सिनेमा की बात देखी थी. पढ़ी नहीं थी, सिर्फ देखी थी. उस देखी हुई बात को कल ढूंढ निकाला. पढने के लिए नहीं, ठीक से देखने के लिए. कभी-कभी मुझे लगता है पढने को देखने जैसा होना चाहिए, जीने जैसा होना चाहिए. और देखने को छू लेने जैसा होना चाहिए. लिखने को फूलों के खिलने जैसा या फफक कर रो लेने जैसा होना चाहिए.

मैंने कुरोसावा को शायद बचाकर रखा था देह के ताप को मन की ठंडक से बदल लेने के लिए. कम्बल में दुबक कर VILLAGE OF WATERMILLS देखी.
https://vimeo.com/31359086?fbclid=IwAR34A2lNdXvkVrou6iH4AJGvq1yRpSfwCeEAenYLQndGh6xObGsm-ufXPwY

'विलेज ऑफ वाटरमिल्स' देखते हुए तीव्र इच्छा हुई मर जाने की. मैंने सोचा कि काश जब मैं मरुँ तब उत्सव हो. सब लोग खूब डांस कर रहे हों, अपनी पसंद का खा रहे हों, अच्छे कपडे चुन रहे हों उत्सव के लिए, फूल हों ढेर सारे और मुझे झरनों के आसपास कहीं देह से मुक्त किया जाय. जहाँ से बच्चों का गुजरना होता हो, मैं हमेशा फूलों, बच्चों की खिलखिलाहटों और झरनों की आवाजों के बीच सांस लेती रहूँ...वाह मरने के बाद भी सांस लेते रहने का ख्याल. कितना लालच है जीने का जो मृत्यु के बाद भी मुक्त नहीं हो रहा. फूलों से घिरे लकड़ी के उस पुल पर बैठकर झरनों की आवाजें सुनने की इच्छा के बीच क्रोएशिया जाने का सपना जाने कहाँ से आ गया. खुद को छूकर देखा तो हरारत मुस्कुराने लगी थी. ये हरारत जानी-पहचानी है. ये मन की दशा के संग चलती है. 

फिर संज्ञा  ने फ़ोन पर कहा, सो जाओ...उसे कैसे पता चला कि मुझे सोना है...फिर मैं सो गयी. लेकिन मैंने नींद में अपने भीतर एक हुडक एक हूक महसूस की. क्या ये नई जड़ों के फूटने की हूक थी? मैं हर नये दिन के प्रति जिज्ञासा से भरी हुई होती हूँ. कि दिन उगेगा, उसकी मुठ्ठी खुलेगी और उसमें होगा कुछ ऐसा जो एकदम नया होगा...वो क्या होगा पता नहीं. हो सकता है पुरानी किसी छूटी चीज में जड़ें फूट आयें और कल्ले फूटने लगें...

आज बारिश नहीं हो रही है...सोचती हूँ पास रखी किताब को उठा लूं तो शायद बारिश भी आ जाये...लेकिन नहीं उठाती. खुला हुआ आसमान धुला हुआ आसमान लग रहा है...