Sunday, October 16, 2016

अक्टूबर की हथेली पर...


अक्टूबर की हथेली पर
शरद पूर्णिमा का चाँद रखा है
रखी है बदलते मौसम की आहट
और हवाओं में घुलती हुई ठण्ड के भीतर
मीठी सी धूप की गर्माहट रखी है

मीर की ग़ज़ल रखी है
अक्टूबर की हथेली पर
ताजा अन्खुआये कुछ ख्वाब रखे हैं

मूंगफली भुनने की खुशबू रखी है
आसमान से झरता गुलाबी मौसम रखा है
बेवजह आसपास मंडराती
मुस्कुराहटें रखी हैं
अक्टूबर की हथेली पर

परदेसियों के लौटने की मुरझा चुकी शाख पर
उग आई है फिर से
इंतजार की नन्ही कोंपलें

अक्टूबर महीने ने थाम ली है कलाई फिर से
कि जीने की चाहतें रखी हैं
उसकी हथेली पर
धरती को फूलों से भर देने की
तैयारी रखी है

बच्चों की शरारतों का ढेर रखा है
बड़ों की गुम गयी ताकीदें रखी हैं
उतरी चेन वाली साइकिल रखी है एक
और सामने से गुजरता
न खत्म होने वाला रास्ता रखा है
अपनी चाबियाँ गुमा चुके ताले रखे हैं
मुरझा चुके कुछ ‘गुमान’ भी रखे हैं

अक्टूबर की हथेली पर
पडोसी की अधेड़ हो चुकी बेटी की
शादी का न्योता रखा है
कुछ बिना पढ़े न्यूजपेपर रखे हैं
मोगरे की खुशबू की आहटें रखी हैं
और भी बहुत कुछ रखा है
अक्टूबर की हथेली में

बस कि तुम्हारे आने का कोई वादा नहीं रखा...

Saturday, October 15, 2016

सिर्फ तुम और मैं



पाब्लो नेरुदा की दो प्रेम कवितायेँ 

 महारानी

मैंने तुम्हें नाम दिया है महारानी
तुमसे ज्यादा कद्दावर लोग हैं, ज्यादा कद्दावर
तुमसे ज्यादा खरे लोग हैं, ज्यादा खरे
तुमसे ज्यादा खुशनुमा लोग हैं,ज्यादा खुशनुमा
लेकिन तुम महारानी हो.

तुम जब गलियों से होकर गुजरती हो
कोई तुम्हें पहचान नहीं पाता
कोई देख नहीं पाता तुम्हारा बिल्लौरी मुकुट
कोई निरख नहीं पाता, लाल सुनहरी कालीन
जिस पर से होकर तुम गुजरती हो
वह मायावी कालीन

और जब तुम सामने आती हो
सारी नदियाँ मेरे भीतर कल कल कर उठती हैं.
घंटियाँ आसमान गुंजाने लगती हैं.
और समूची दुनिया एक ऋचा की गुंजार से भर जाती है

सिर्फ तुम और मैं
सिर्फ तुम और मै मेरे प्यार
उसे सुनते हैं


तुम्हारी हँसी


रोटी मुझसे छीन लो अगर चाहो
हवा छीन लो लेकिन
अपनी हँसी न छीनना मुझसे
गुलाब न छीनना मुझसे
वह नुकीला फूल जिसे तुमने तोडा

पानी जो यक- ब –यक
तुम्हारी ख़ुशी में से फूट निकलता है.
तुममें उठती चांदी की औचक हिलोर.
कठिन ,कठोर है मेरा संघर्ष
थकी और भारी आँखें लिए मैं वापस आता हूँ
कभी-कभी बेहौसला, दुनिया को देख कर,
लेकिन जब तुम्हारी हँसी फूटती है
आसमान तक उठ जाती है मुझे तलाशती हुई
और जिंदगी के सारे दरवाजे मेरे लिए खोल देती है.
मेरे प्यार,

सबसे काले दौर में भी प्रकट होती है तुम्हारी हँसी
और अगर यक- ब-यक
तुम्हें मेरा खून गली के पत्थरों को रंगता नजर आये
प्रिये, तुम हँसना
तुम्हारी हँसी मेरे हाथों के लिए
चमकीली तलवार बन जायेगी.
शरत में सागर से नीचे
तुम्हारी हँसी को उसका फेनिल प्रपात निर्मित करना है
और बसंत में प्रिये
मैं तुम्हारी हँसी को
अपने प्रतीक्षित पुष्प की भांति देखना चाहता हूँ
नीलकुसुम की भांति
अपने अनुगुंजित देश के गुलाब की भांति
हँसो रात पर
हँसो दिन पर
चन्द्रमा पर हँसो
इस द्वीप की बलखाती गलियों पर हँसो
हँसो इस बेढंगे बालक पर
जो तुम्हें प्यार करता है,

लेकिन जब मैं अपनी आँखें खोलूं
बंद करूँ जब मैं अपनी आँखें
जब मेरे कदम बाहर निकलें
जब मेरे कदम वापस लौटें –
रोटी को बेशक मुझे इंकार कर देना
हवा, रोशनी,वसंत को भी चाहे ;
लेकिन अपनी हँसी को कभी नहीं ...
कभी नहीं, वरना में मर जाऊँगा.

Friday, October 14, 2016

मिर्ज़या- एक महकती सी फिल्म...


कुछ है जो गुज़र रहा है. कुछ है जो गुजर चुका है लेकिन गुजर ही नहीं रहा है...दूधिया कोहरे की वादियों में सदियों से बह रही हैं न जाने कितनी प्रेम कहानियां, हिचकी, नींदें...सदियों से कोई प्रेम कहानी सहराओं की गोद में समायी है, कोई चिनाब की धारों में बह रही है...क्या फर्क पड़ता है इन कहानियों के नायक कौन है नायिका कौन है...कैसे बढती है प्रेम की दास्ताँ, कैसे पहुँचती है अंजाम तक...अंजाम होता क्या है, इश्क़ का कोई अंजाम हो भी कैसे सकता है भला...इश्क़ में होना ही तो होना है जीवन में...सही, गलत, अच्छा, बुरा सबसे पार...बस इश्क़.

मिर्ज़या उन सदियों से बहती तमाम इश्क की दास्तानों में से एक दास्तान है...उसे सेल्युलाइड के परदे पर उतारते हुए बेपरवाह रहना बाज़ार के तमाम नियमों से, बेपरवाह रहना बॉक्स ऑफिस के नियमों से...बस प्रेम से जी लेना एक प्रेम कहानी को, और उसे प्रेम से परदे पर सजा देना...गुलज़ार, राकेश ओम प्रकाश मेहरा और शंकर एहसान लॉय का साथ दिया है फिल्म के किरदारों ने. फिल्म रगों में उतरती जाती है...नन्हे मुनीश और सुचित्रा...मुनीशा और सुच्ची की मासूम प्रेम कहानी...तिल के लड्डू का स्वाद, हथेलियों पे पड़ती मास्टर साब की छड़ी...चोट कहीं लगती है और दर्द कहीं होता है...लैला की हथेलियों पे पड़ती छड़ी हो या सुच्ची की हथेलियों पर दर्द तो मजनू और मुनीशा ने ही सहा...

राकेश फिल्म के साथ बहते जाते हैं...और उस बहने का सुख लेते हैं...ज्यादा कहन नहीं है फिल्म में...महसूसना ज्यादा है...दृश्य हैं, भाव हैं...संवाद ज्यादा नहीं...संवाद कविता से झरते हैं...संवादों से ज्यादा झरता है मौन...

कहानी के बारे में बात करने को कुछ है नहीं हमेशा की तरह, प्रेम कहानी एक लाइन की तो होती है...एक लड़का एक लड़की, प्रेम और दुश्मन जमाना...एक का सही दुसरे का गलत...बस इतना ही न.

फिल्म में बेकार की तकरार नहीं, बहसबाजियाँ नहीं, सवाल जवाब नहीं, घटनाओं के होने की वजहों का नैरेशन नहीं बस जो जैसा है, वो वैसा है...सही या गलत.

मिर्जया यानि मुनीश के किरदार में हर्ष, साहिबा यानि सुचित्रा के किरदार में सियामी, जीनत के किरदार में अंजलि पाटिल, करन के किरदार में अनुज चौधरी...अपने अपने प्रेम को अपनी अपनी तरह से जी रहे हैं...जीनत के किरदार में अंजलि पाटिल बेहद प्रभावी हैं. जीनत जितनी देर स्क्रीन पर रहती है उसके चेहरे से प्रेम का नूर टपकता नज़र आता है...हालाँकि कहीं उस प्रेम का प्रदर्शन नहीं है...उसका प्रेम नज़र आता है आदिल यानि हर्ष की पीठ पर लोहे की छड़ से दाग देकर बचपन का आदिल का प्रेम का निशान यानि टैटू मिटाते वक़्त...वो जानती है कि वो जिसके प्रेम में है वो किसी और के प्रेम में है...पहली बार जब सुच्ची को देखती है तो भीग जाता है उसका मन. उसे रस्म के मुताबिक कंगन पहनाती है...सुच्ची भी उसे देखते ही समझ जाती है कि वो आदिल यानी उसके मुनीशा के प्रेम में है...वो भी उसे अपना कंगन पहनाती है...कोई ईर्ष्या नहीं, कोई शिकायत नहीं...दोनों गले लगकर रोती हैं. सिहरन सी महसूस होती है.

फिल्म रोने धोने वाली नहीं है, प्रेम को बूँद-बूँद ज़ज्ब करने वाली है. एक और दृश्य जेहन से उतर ही नहीं रहा जब सुच्ची बरसों बाद लौट रही है. एयरपोर्ट पर उसके पिता, उसका प्रेमी और एक मुनीम जी या सेवक जो भी कहिये वो आये हुए हैं...ये वही मुनीम जी हैं जो बचपन में उसका स्कूल बैग लेकर बस में बिठाने जाते थे...एयरपोर्ट पर सुच्ची पिता से गले लगती है, प्रेमी से भी गले मिलती है लेकिन जो दृश्य आँखें भिगोकर चुपके से निकल जाता है वो है उन मुनीम जी का सुच्ची बिटिया को प्रेम से देखना, नमस्ते करने और उसके सर पर हाथ फेर देना...ऐसा ही तो होता है प्रेम...छोटी छोटी चीज़ों में चुपके से आसपास से गुजरता हुआ.

एक खूबसूरत जिन्दगी सामने थी लेकिन उसके बचपन का प्रेम था कि एक पल को हाथ छोड़ ही नहीं रहा था. हर वक़्त मुनीशा के किस्से, उसकी बातें और एक रोज़ जब मुनीशा अपना होना नहीं ही छुपा पाया तो बस सैलाब तो आना ही था...

कोई दुराव छुपाव नहीं, जो है सो है बस...प्रेम तो ऐसा ही होता है न...बेबस कर देने वाला...बहा ले जाने वाला...एक नदी थी दोनों किनारे थाम के बैठी थी...तोडती तो सैलाब आ जाता. अपने मंगेतर को देखती है, समझती है उसका कोई दोष नहीं फिर भी प्यार तो मुनीशा से ही है...क्या करे वो...

सब अपने अपने एहसासों की जकडन में कैद हैं...कोई ज़माने की परवाह में, कोई अपने अहंकार में, कोई प्रेम में जान ले लेने से हिचकता नहीं, कोई मुस्कराकर जान देक्रर जी लेता है जिन्दगी...

जीनत जहाँ मुस्कुराकर अपनी जान हथेली पे लेकर सुच्ची को मुनीशा से मिलाने जा पहुँचती है और उसकी सुहाग की चुनर पहनकर प्रेम में जीवन को सार्थक करते हुए मौत को गले लगाती है वहीँ करन बन्दूक लेकर निकल पड़ता है जान लेने के लिए...

सुच्ची और मुनीशा की इस मीठी सी प्रेम कहानी में मिर्जया और साहिबा की प्रेम कहानी चाय में गुड की तरह आकर घुलती रहती है...वो जबरन लायी गयी नहीं लगती...एहसासों के आवेग को थियेट्रिकल ट्रीटमेंट से बेहद खूबसूरत बना दिया है राकेश ने.

तमाम प्रेम के दृश्य मोहते हैं...संवादों को मौन रिप्लेस करता है...मौत पीछे भाग रही है और दो प्रेमी बाइक पे यूँ उड़ रहे हैं मानो दुनिया से उनको कोई निस्बत ही नहीं...कोई डर नहीं, कोई योजना नहीं...बस प्रेम...बाइक का प्रेट्रोल ख़त्म, दूर दूर तक कोई रास्ता नहीं...उनका पीछा करते लोग कभी भी आ पहुँचने को हैं और दोनो प्रेमी भय विहीन एक दुसरे को जिस तरह देखते हैं...उन्हें देख लगता है जी लिए बस, अब क्या करना है देह का.

साहिबा द्वारा मिर्ज्या के तीर तोडना उसे अपने प्रेम के लिए दूसरों की जान न लेने के एहसास से जुड़ा है. उसे अपने प्रेमी की सामर्थ्य पर पूरा यकीं है और उस यकीं पर वो सर रखकर सो जाती है...सुकून से...सुच्ची...साहिबा...मुनीशा...मिर्ज्या...इस प्रेम कहानी में जीनत का जिक्र अलग से ज़रूरी है.

आसमान से नेह की चादर बरसती है...दोनों प्रेमियों को फूलों से ढँक देती है...दो मोहब्बत जीने वाले लोग...

फिल्म का स्वाद तिल के लड्डुओं के स्वाद सा रह जाता है जबान पर....हथेलियों पर मास्टर जी की छड़ी की चटाक भी दर्ज ही रहती है... पूरी फिल्म कविता है... पेंटिंग है... थियेटर है...रंग है, खुशबू है...फिल्म खत्म हो जाएगी लेकिन उसकी खुशबू खत्म नहीं होगी...वो ज़ेहन में महकती रहेगी...कस्तूरी सा प्रेम...रगों में दौड़ता प्रेम...

सिनेमोटोग्राफ़ी कमाल है और एडिटिंग ने फिल्म में प्राण फूंके हैं...संगीत तो है ही...जो पूरी फिल्म को एक सुर में बांधे रखता है.

तीन गवाह हैं इश्क के...एक तू, एक मैं और एक रब...फिल्म के सारे गाने संवाद का काम करते हैं...हौले हौले मोहब्बत की इस दास्ताँ को झूला झुलाते हुए आगे बढ़ाते हैं...

मोम का सूरज पिघले, आग का पौधा निगले सुन तेरी दास्ताँ ओ मिर्ज्या....

Thursday, October 13, 2016

शोर अच्छा नहीं लगता...



कुछ दिनों से अपने 'स' की तलाश में फिर से भटक रही हूँ. इस भटकन में सुख है. अकसर लगता है कि बस अब पहुँचने वाली हूँ, कहाँ पता नहीं लेकिन वहां शायद जहाँ इस भटकन से पल भर को राहत हो. राहत, क्या होती है पता नहीं... खिड़की के बाहर देखने पर पडोसी के घर के फूल नज़र आते हैं, वो राहत है, अपने पौधों में इस बार कलियाँ कम आई हैं इसकी चिंता है...वो जिसे अपना कहकर रोपा था, उसे सहेज नहीं पा रही हूँ शायद, वो जो कहीं और खिल रहा है वो अपना ही लग रहा है....ये अपना होता क्या है आखिर...वो जिसे सहेज के पास रख सकें या जो दूर से अपनी खुशबू, अपने होने से मुझे भर दे...

आज फिर 'यमन' शुरू किया...फिर से. मुझे इस राग के पास सुकून मिलता है इन दिनों. 'क्यों' पता नहीं. कभी ऐसा सुकून मालकोश के पास मिला करता था. तो क्या राग बदल गया, या मौसम, या मन का मौसम...उन्हू मौसम तो वही है...किसी कमसिन की पाज़ेब की घुँघरूओं सा. सरगोशियाँ करता, इठलाता, मुस्कुराता . राग भी वही है...यानि मुझे खुद से ही बात करनी चाहिए. कर ही रही हूँ. सारे जहाँ में बस एक 'स' नहीं मिलता. सब मिलता है. त्योहारों का मौसम है, बाज़ार सजे हैं...अक्टूबर का महीना है, आसमान से रूमानियत टपक रही है...अनचाहे मुस्कुराहटें घेर लेती हैं...लेकिन 'स' नहीं लग रहा. कल रात लगते लगते रह गया. ये तार झन्न से टूट गया...हमेशा टूटता है...तार बदल सकता था..लेकिन मन नहीं...तार बहुत हैं पास में, मन एक ही है बस.

सुबह के दोस्तों से मुखातिब होती हूँ, उन्हें कोई फ़िक्र नहीं...उन्हें बस दाना खाने से और दाना खाकर उड़ जाने से ही मतलब है..जाने उनका सुख दाना है या उड़ जाना, पर वो सुख में लगते हैं...सुख में लगना भी अजीब है...मैं भी लगती हूँ शायद, सबको लगती हूँ, खुद को भी...लेकिन हूँ क्या...अगर हूँ तो मेरा 'स' कहाँ गुम गया है. अगर वो इतना गैर ज़रूरी है तो उसे ढूंढ क्यों रही हूँ. पागलपन्ती ही तो है सब...कोई 'स' 'व' नहीं होता ज्यादा मत ढूंढ, सो जा चैन से, मन मसखरी करता है...हंसती हूँ...

शोर अच्छा नहीं लगता, मैं उससे कहती हूँ...तो कहाँ है शोर...शांति ही तो है...वो मुझसे कहता है...शांति बाहर है न, भीतर बहुत शोर है...बाहर से आने वाले शोर के रास्ते बंद करना जानती थी, सो कर लिए भीतर के शोर से मुक्ति के रास्ते तलाश रही हूँ...एक झुण्ड पंछियों का लीची के पेड़ से फुर्रर से उड़कर आसमान की ओर रवाना हुआ है...मेरा आसमान कहाँ है....

Wednesday, October 5, 2016

क' से कविता...मैं से मुक्ति का सफ़र....



न जाने किस उम्र में कब उसने अपनी उंगली थमाई थी, बस इतना याद है कि उसकी पहली छुअन बचपन के किसी कोने में दर्ज हुई थी, तबसे आज तक अहसास बढ़ते गये, शिद्दत बढ़ती गई, प्यास बढ़ती गई। प्यास पढ़ने की। कविताएं पढ़ने की। एकाकी बचपन में कोई दोस्त अगर था तो बस किताबें थीं। कविता और कहानी का अंतर भी न पता था, तबसे कविता जी लुभाती है। हालांकि अंतर तो अब भी पता नहीं। जाने कहां-कहां मिल जाती है कविता उपन्यास मंे, कहानी में, बतकही में, आम की बौर में, सड़क पर, पगडंडी में, खेतों में कभी-कभी चमचम करते सुनहरे शहरों में भी।

इसी कविता प्रेम के चलते पिछले कुछ महीनों से कविता की बैठकी शुरू की। क से कविता। देहरादून में तीन दोस्त जमा हुए मैं, सुभाष रावत और लोकेश ओहरी। सोचा कि रोजमर्रा की भागदौड़ में कविताओं से वो जो एक दूरी सी बनने लगी है उस दूरी को कम करते हैं...मिलकर कुछ देर सुनते सुनाते हैं कविताएं...

न...न...न...हम तीनों दोस्तों में से कोई भी कवि नहीं है। मुझ पर छुटपुट ये आरोप लगते जरूर हैं लेकिन हूं मैं भी कविता प्रेमी ही अपने बाकी दोनों दोस्तों की तरह। कविता ही क्यों साहित्य, संस्कृति की उन तमाम धाराओं से हमारा लगाव है जो दरअसल मनुष्यता को गढ़ती हैं, उनके हक में खड़ी होती हैं, जो समूची धरती को भौगोलिक नक्शों, असलहों और राजनैतिक बयानों से बहुत दूर रखती है। कविता जो “मैं“ से मुक्त करती है और कवि को फक़ीर बनाती है।

लेकिन एक सच्चाई यह भी है कि कबीर का दौर बीत चुका है। फकीर कहां रहे अब, कवि बचे हैं बहुत सारे। कभी-कभी लगता है कि इतने सारे कवि हंै कि कविता इन सबसे डरकर दूर कहीं जा छुपी है। चहुंओर मंच सजे हैं, अपनी-अपनी किताबें सर पर लादे तमगे गले में टांगे लोग आत्ममुग्धता में आकंठ पैबस्त हैं। खुद को और अपनी कविता को श्रेष्ठ साबित करने की होड़ में दूसरे को नीचा दिखाने की अजीब सी कवायद चल पड़ी है। ऐसे में एक पाठक है बेचारा जो घबराया हुआ है। उसके पास भी है कुछ कहने को, वो कह नहीं पाता। किसको फुरसत है उसे सुनने की। पाठक हाशिए पर है। पाठक अपनी सरल सी अभिव्यक्ति के साथ उपेक्षित खड़ा है, उसकी अभिव्यक्ति की ओर किसी का ध्यान नहीं।

सोचती हूं कि क्या बिना मनुष्य हुए कवि हुआ जा सकता है? अगर आपकी बहुत अच्छी कविताएं किसी का चूल्हा जलाने के काम आएं तो आपको सुख होना चाहिए...बिना अपना नाम लिखे क्या आपमें अपनी कविताओं को आकाश में उछाल देने का साहस है? क्या सचमुच कविता लिखने के बाद, छपने के बाद, पुरस्कृत होने के बाद भीतर की विनम्रता, चुपके से किसी अंहकार में तब्दील हो गई है और लिखने वाले को पता भी नहीं चला...तो सचमुच ऐसे कवि और कविता दोनों की जरूरत न समाज को है न समय को।

संभवतः ऐसी उथल-पुथल रही होगी जिसके चलते एक लंबे समय से मैंने खुद को समेट लिया था, कहीं साहित्यिक जलसों में आना-जाना, मिलना-जुलना बंद, साहित्यिक पत्रिकाओं को से भी माफी मांग ली थी अरसे से। कभी किसी रोज कोई किताब उठाती बालकनी में धूप सेंकते हुए चिड़ियों के शोर के बीच पढ़ती, कभी नहीं भी पढ़ती। यात्राएं करती...पढ़ती...कभी नहीं भी पढ़ती। नदी के किनारे अकेले घंटों बैठकर चुपचाप किसी पहाड़ी को निहारती और कुछ कविताएं पढ़ती, कभी नहीं भी पढ़ती, कभी मीलों पैदल चलते हुए कोई कविता भीतर से गुजरती हुई मालूम होती, उसकी खुशबू सफर को आसान बना देती...एक अरसे से कविताएं इसी तरह साथ हैं...यकीन मानिए सुख है इनके संग इस तरह होने का। वो शोर नहीं करतीं मुझे पढ़ो, मुझे पढ़ो का, बल्कि कहती हैं मौसम जी ले पगली, मैं भी वहीं हूं। कभी भीतर की कोई पीड़ा, कोई बेचैनी उसके करीब ले जाकर खड़ा कर देती और वो सर पर हाथ फिरा देती।

इस बीच जब “क“ से कविता का विचार बना और सुभाष और लोकेश दोनों दोस्तों को बात जम गई तो यह विचार ही किसी कविता सा लगा कि पहाड़ के किसी कोने में रोजमर्रा की आपाधापी में से चंद लम्हे चुराकर अपनी पसंद की कविताएं सुनना, सुनाना...।

हम चल पड़े कविता का हाथ थामकर...कारवां अब बनने लगा है। लोग आते हैं, खुद। छूटते भी जाते हैं खुद। छूटने वालों को कुछ न जमता होगा, आने वालों को कुछ तो जमता होगा। जो भी हो, हमारी हथेलियों में कुछ अच्छी शामें ठहरने लगीं, कुछ ऐसी कविताओं से परिचय बढ़ने लगा जिन तक अभी पहुंचे न थे।

जब हमने “क“ से कविता के बारे में सोचा था तो यही कि इस कार्यक्रम को चारागाह नहीं बनने देंगे। चारागाह यानी मैं....मैं...मैं....मैं.....के शोर से दूर ही रखेंगे। जल्द ही समझ में आ गया था कि यह आसान नहीं होगा, लोगों के भीतर “मैं“ की खेती इस कदर हो चुकी है कि जाने कहां-कहां से, किस-किस रूप में वो बाहर आता है...पर हमने ठान लिया था चारागाह तो नहीं ही बनने देंगे।

कोई मुख्य अतिथि नहीं, कोई मंच नहीं, कोई विशेष नहीं कोई शेष नहीं...सब कविता प्र्रेमी बस...इससे कोई समझौता नहीं...चाहे कोई रूठे, नाराज हो, चाहे अंत में हम तीन ही क्यों न बचें...

फिलहाल सफर चल रहा है, अच्छा चल रहा है। सुभाष इसे उत्तरकाशी, श्रीनगर और हल्द्वानी तक पहुंचा सके हैं। इस सफर में बहुत से अनुभव हो रहे हैं। वो भी सीखना है एक तरह का। लोगों के लिए पहले तो “अपनी कविताएं नहीं सुनाना है“ वाला “मैं“ उतारना ही मुश्किल था, वो उतरा जैसे-तैसे तो यह आग्रह झलकने लगे कि जो मेरी प्रिय है उसे कितनी तवज़्जो मिल रही है, मैं कितनी ज्यादा सुना सकूं।

“मैं कौन हूं...“ यह सवाल जो शायद अब तक खुद से कभी पूछा नहीं, लोगों को बताने आते तो लंबी फेहरिस्त निकलने लगी थी कि मैं ये हूं, मैं वो हूं, मैंने ये किया, मैंने वो किया। अक्सर सुझाव मिलते जो “क“ से कविता को किसी लेक्चर मोड की ओर ले जाते मालूम होते।

वरिष्ठों की वरिष्ठता छलकने के नये-नये रास्ते निकालती, लेकिन हम उन रास्तों के आगे हाथ गाये खड़े थे, खड़े हैं। यह बात सबको समझनी ही होगी कि “क“ से कविता की बैठकी सुनने का संस्कार है...एक-दूसरे की पसंद को एप्रिशिएट करने का भी। यह सिर्फ अपनी कविता न सुनाने भर का मामला नहीं है यह सचमुच धीरे-धीरे अपने “मै“ से निकलकर दूसरे को स्पेस देने, सुनने, समझने, एक-दूसरे की तरफ हाथ बढ़ाने का मामला है....

बैठकी का सुख है, खुद को भूलने का सुख होना...बैठकी का सुख है अच्छी कविताओं के करीब जा बैठना।

“क“ से कविता शायद उस “मैं“ को थोड़ा खुरच सके, उस “मैं“ के भीतर जो मासूम सा इंसान कहीं दुबक गया है एक रोज वो शायद बाहर आ सके....कोई बोझ न हो किसी पर....अपने नाम, अपने काम, अपनी पहचान, अपनी पसंद, नापसंद तक का कोई बोझ नहीं....ऐसे ही मुक्त माहौल में कविताओं के उड़ते फिरने की कामना है “क“ से कविता...

('क' से कविता छ महीने की यात्राः कुछ अहसास)