Friday, May 15, 2026

मर्मस्पर्शी उपन्यास है ‘कबिरा सोई पीर है’ : महेश पुनेठा



प्रतिभा कटियार, जिनकी मुख्य पहचान एक संवेदनशील कवयित्री के रूप में है, अपने पहले उपन्यास ‘कबिरा सोई पीर है’ के माध्यम से हिंदी साहित्य में एक सशक्त विमर्श प्रस्तुत करती हैं। यह उपन्यास जाति, लिंग, आरक्षण, सामाजिक कंडीशनिंग और मानवीय अंतर-संघर्षों की जटिलता को केंद्र में रखकर लिखा गया है। मात्र 168 पृष्ठों में लेखिका ने समाज के गहरे घावों को छुआ है, बिना किसी व्यक्ति-विशेष को दोषी ठहराए।

उपन्यास की शुरुआत सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के कोचिंग सेंटर से होती है। नायक और नायिका दोनों निम्न-मध्यवर्गीय परिवारों से आते हैं, लेकिन अलग-अलग जातियों से। उनकी मुलाकात और बढ़ती आत्मीयता उपन्यास की मुख्य धुरी बनती है। नायक लिबरल दृष्टिकोण वाला, जाति-लिंग संकीर्णताओं से ऊपर उठने की कोशिश कर रहा व्यक्ति है, जबकि नायिका अपने कड़वे अनुभवों के कारण शंकालु, तल्ख और पूर्वाग्रहों से ग्रस्त है,जो स्वाभाविक है। उपन्यास की संरचना उल्लेखनीय है।

उपन्यास 29 अध्यायों में लिखा गया है। हर अध्याय के अंत में एक शेर दिया गया है, जो कवयित्री प्रतिभा की पहचान को गद्य में भी जीवंत रखता है। बीच-बीच में काव्य पंक्तियों और कविताओं का आना तथा प्रकृति-चित्रण उपन्यास को काव्यात्मक गहराई प्रदान करता है।उनके प्रकृति और कविता के प्रति गहरी रागात्मकता को दिखाता है। लेखिका ने अंतर-संघर्ष को बहुत बारीकी से उकेरा है। वे दिखाती हैं कि भेदभाव अब मुख्यतः प्रत्यक्ष नहीं, बल्कि मानसिक और सूक्ष्म स्तर पर विद्यमान है — परिवार की बातचीत, दोस्तों के बीच “मजाक”, आरक्षण का ताना और योग्यता पर उठाए जाने वाले प्रश्नचिह्न। आरक्षण नौकरी दे सकता है, लेकिन सम्मान और स्वीकृति नहीं — यह कटु सत्य उपन्यास में बार-बार प्रतिध्वनित होता है।

सबसे मजबूत पक्ष बहु-स्तरीय भेदभाव का चित्रण है। लेखिका दिखाती हैं कि शोषक वर्ग में भी स्त्रियाँ शोषित हैं, दलित पुरुष दलित स्त्री से और सवर्ण स्त्री दलित स्त्री से खुद को बेहतर मानने का दंभ रखता है। नई पीढ़ी में बदलाव के बीज हैं, लेकिन सामाजिक संरचना इतनी जटिल है कि बाहर निकलना आसान नहीं। अनुच्छेद 370 के हटाए जाने के बहाने लोगों के मन में धर्म के नाम पर बजबजाती नफरत को भी दिखाया गया है।

अच्छी बात है कि समाज में व्याप्त भेदभाव के लिए उपन्यास किसी एक पक्ष को पूरी तरह दोषी नहीं ठहराता है। वह सोशल कंडीशनिंग को “नसों में इंजेक्ट वायरस” की संज्ञा देता है और समझने की कोशिश करता है कि भेदभाव करने वाला व्यक्ति भी पूरी तरह जिम्मेदार नहीं होता। उपन्यास इस पर सहानुभूति पूर्वक देखे जाने की अपील करता है । मार्मिक पंक्ति है — “दर्द ही उनका देश है” — जो शोषितों की सार्वभौमिक पीड़ा को रेखांकित करती है।

यथार्थ और रूमानियत का संतुलित मिश्रण, पात्रों के आंतरिक द्वंद्व का गहरा चित्रण और काव्यात्मक भाषा उपन्यास को मजबूत बनाती हैं।

उपन्यास पाठक को बेचैनी और सवालों के साथ छोड़ता है — “जब तक दिमाग ठीक नहीं, तब तक कैसे ठीक हो सकता है?” कानून सतह बदल सकता है, दिल नहीं। महत्वपूर्ण बात कही गई है।

कुल मिलाकर ‘कबिरा सोई पीर है’ एक मर्मस्पर्शी उपन्यास है, जो 21वीं सदी के भारत में जाति-लिंग के जटिल प्रश्नों को उठाता है। यह न सिर्फ पीड़ा को दर्ज करता है, बल्कि समझ, सहानुभूति और बदलाव की यात्रा पर भी जोर देता है।

प्रतिभा कटियार ने साबित किया है कि कविता की संवेदनशीलता गद्य में भी समाज को आईना दिखा सकती है। जो पीड़ा नहीं झेला, वह शायद पूरी तरह न समझ पाए — लेकिन इस उपन्यास को पढ़ने के बाद अनुभव करने का एक मौका जरूर मिलता है। यह उन सबके लिए अनिवार्य पढ़ने योग्य है जो समाज में बदलाव चाहते हैं।

कबीर की तरह — पीर वही समझता है जो सोई हुई पीड़ा को जागृत कर सके। प्रतिभा कटियार ने ठीक यही किया है।