दरवाजे पर दस्तक होती है खट... खट... खट....अंदर से आवाज आती है कौन? पुरुष कहता है मैं। दरवाजा नहीं खुलता। वह लौट जाता है। दूसरे दिन फिर वह आता है. दरवाजे पर फिर से दस्तक होती है खट... खट... खट....अंदर से आवाज आती है कौन? पुरुष कहता है तुम. दरवाजा खुल जाता है. तो ऐसा होता है प्रेम. मैं और तुम जहां पिघलकर एक हो जाते हैं. पहचानना मुश्किल हो जाता है कि यह किसका चेहरा है, किसका हाथ और कौन किसकी पहचान है. खुद को खोना ही पड़ता है प्यार को पाने के लिए. प्रेम के सिलसिले में खतों की बड़ी अहमियत रही है, हमेशा से. प्रेम करना दुनिया का सबसे मुश्किल काम है और उस प्रेम को सही-सही रूप में अभिव्यक्त कर पाना उससे भी मुश्किल. यही वजह है कि प्रेमपत्र सिर्फ भावनाओं की अभिव्यक्ति का साधन भर नहीं रहे, एक दस्तावेज भी बन गये. संसार का सबसे पुराना प्रेम पत्र बेबीलोन के खंडहरों से मिला है. बेबीलोन की किसी युवती का प्रेमी अपनी रातों की बेचैनियां, धड़कनों का कारवां, आंसू और भय समेटकर उससे अपने दिल की बात कहने जब बेबीलोन पहुंचा तो वह युवती वहां से कहीं जा चुकी थी. अपनी सारी बेचैनी लेकर वह युवक वापस नहीं जा सका. उसने वहीं मिट्टी के फर्श पर खोदते हुए लिखा, 'मैं तुमसे मिलने आया था, तुम नहीं मिली, यह छोटा सा संदेश विरह की जिस भावना से लिखा गया था, उसमें कितनी तड़प शामिल थी, इसका अंदाजा सिर्फ वह युवती लगा सकती थी जिसके लिये इसे लिखा गया. भावनाओं से ओत-प्रोत यह पत्र ईसा से बहुत पहले का है. प्रेम जैसी गाढ़ी, गहरी भावना को अभिव्यक्त करने के लिए शब्द सचमुच नाकाफी होते हैं. तभी तो विश्व के बड़े-बड़े राजा, महाराजा, महारानियां, सेनाध्यक्ष, वैज्ञानिक, लेखक, राजनेता प्रेम की अभिव्यक्ति करते समय खासे नर्वस और नौसिखिये ही नजर आये. उनकी याद आयी है, सांसों जरा धीरे चलो,/धड़कनों से भी इबादत में खलल पड़ता है....तो अपनी धड़कनों पर काबू रखते हुए आइये सुनते हैं इन महान लोगों के प्यार की दास्तान उनके प्रेमपत्रों के जरिये-
अब्राहम लिंकन का पत्र मेरी ओवंस के नाम (स्प्रिंग फील्ड7 मई, १८३७)
(अब्राहम लिंकन: साधारण परिवार का बदसूरत लड़का था जो बाद में अमेरिका का राष्ट्रपति बना...जिसने दासों के व्यापार के बदसूरत धब्बे को अमेरिका के चेहरे से मिटा दिया।)
प्यारी मेरी,
इस पत्र को लिखने से पहले मैं दो बार और लिखने की कोशिश कर चुका हूं। दोनों ही बार मैं संतुष्ट नहीं हुआ और उन्हें तुम तक भेजने से पहले ही फाड़कर फेंक चुका हूं। ऐसा लग रहा है कि कोई भी शब्द मेरी भावनाओं को ठीक-ठीक अभिव्यक्त कर पाने में सक्षम नहीं है। अब यह चिट्ठी जैसी भी बनेगी मैं इसे जरूर भेज दूंगा।जहां मैं रहता हूं स्प्रिंग फील्ड में यहां का जीवन बहुत कठिन है मेरी प्यारी। मैं नहीं चाहता कि तुम यहां आओ और तुम्हारा सामना मुश्किलों से हो। यहां कोई शानो-शौकत नहीं है, गरीबी का आलम है। वैसे मैं तुम्हें आने वाले जीवन में सारे सुख देने की पूरी कोशिश करूंगा लेकिन अभी के जो हालात हैं, उन्हें मैं तुमसे छुपा नहीं सकता। तुम सोच-समझकर फैसला करना। मेरे पत्र के जवाब में तुम खूब लंबा पत्र लिखना। मेरे लिए इस व्यस्त और उजाड़ जीवन में एक बड़ा सहारा बनेगा।
तुम्हारा लिंकन
(यह पत्र लिंकन ने राष्ट्रपति बनने से बहुत पहले अपनी युवावस्था में लिखा था. मेरी ने लिंकन के विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. )
अगला ख़त कल....
Saturday, March 28, 2009
Thursday, March 26, 2009
रिल्के से एक सवाल
वैसे तो इन दिनों ऐसे लोग ही कम मिलते हैं जो यह पूछें की अच्छा कैसे लिखा जाए क्योंकि इन दिनों हर किसी को यही लगता है की वो सर्वश्रेष्ठ लिखता है। फ़िर भी कभी किसी चेहरे पर कप्पुस के सवाल नज़र आते हैं तो अच्छा लगता है। जब सवाल कप्पुस के से हों तो जवाब भी रिल्के का ही होना चहिये।
'एक ही काम है जो तुम्हें करना चाहिए - अपने में लौट जाओ। उस केन्द्र को ढूंढो जो तुम्हें लिखने का आदेश देता है। जानने की कोशिश करो कि क्या इस बाध्यता ने तुम्हारे भीतर अपनी जड़ें फैला ली हैं ? अपने से पूछो कि यदि तुम्हें लिखने की मनाही हो जाए तो क्या तुम जीवित रहना चाहोगे ?...अपने को टटोलो...इस गंभीरतम ऊहापोह के अंत में साफ-सुथरी समर्थ 'हाँ'' सुनने को मिले, तभी तुम्हें अपने जीवन का निर्माण इस अनिवार्यता के मुताबिक करना चाहिए।'
'एक ही काम है जो तुम्हें करना चाहिए - अपने में लौट जाओ। उस केन्द्र को ढूंढो जो तुम्हें लिखने का आदेश देता है। जानने की कोशिश करो कि क्या इस बाध्यता ने तुम्हारे भीतर अपनी जड़ें फैला ली हैं ? अपने से पूछो कि यदि तुम्हें लिखने की मनाही हो जाए तो क्या तुम जीवित रहना चाहोगे ?...अपने को टटोलो...इस गंभीरतम ऊहापोह के अंत में साफ-सुथरी समर्थ 'हाँ'' सुनने को मिले, तभी तुम्हें अपने जीवन का निर्माण इस अनिवार्यता के मुताबिक करना चाहिए।'
Tuesday, March 24, 2009
बर्तोल्त ब्रेख्त की कवितायें

कमजोरियां
कमजोरियां
तुम्हारी कोई नहीं थीं
मेरी थी एक
मैं करता था प्यार...
सुख
सुबह खिड़की से बाहर का नजारा
फिर से मिली हुई
पुरानी किताब
उल्लसित चेहरे
बर्फ, मौसमों की आवाजाही
अखबार, कुत्ता,
डायलेक्टिक्स,
नहाना, तैरना, पुराना संगीत
आरामदेह जूते
जज्ब करना नया संगीत
लेखन, बागवानी मुसाफिरी
गाना मिलजुल कर रहना...
Sunday, March 22, 2009
आज फिर जीने की तमन्ना है...
'कांटों से खींच के ये आंचल....तोड़ के बंधन बांधी पायल....कोई न रोको दिल की उड़ान को...दिल वो चला.... ये गाना मुझे कभी भी अच्छा नहीं लगा. बहुत से गाने अच्छे नहीं लगते हैं हमें, लेकिन यह गाना बहुत अच्छा होते हुए भी अच्छा नहीं लगा. कारण...शैलेंद्र जैसे गीतकार के लिखे गाने में मुझे बंधनों को तोड़कर पायल बांधने वाली बात $जरा कम जंचती है. पायल भी बंधन ही तो है. खैर, फिल्म 'गाइड जिसका यह गाना है में पायल बंधन नहीं मुक्ति का मार्ग है, यह बात काफी बाद में समझ में आई और इसके बाद गाने से थोड़ा अपनापा हो ही गया. इतना तो तय है लेकिन कि यह गाना सौंदर्यबोध का गान नहीं मुक्ति का गान है. और यही इसका सौंदर्य है.पिछले दिनों इस मामले में मेरी राय जब गीता श्री के ब्लॉग पर उनकी राय से मिलती न$जर आई तो रुकना लाजिमी था. आज के दौर में सौंदर्यबोध, सौंदर्य प्रतीकों और सौंदर्य को रीडिफाइन करने का वक्त है. कब तक नायिकाओं को चूड़ी, बिंदी, झुमके, पायल जैसे सौंदर्य के उपमानों में उलझना पड़ेगा. आज के दौर में दिन-रात काम में उलझी स्त्रियां, दौड़ती-भागती स्त्रियां यह सुनने को बेकरार नहीं हैं कि आपकी साड़ी बहुत सुंदर है, आप बहुत खूबसूरत लग रही हैं. वे यह सब सुनकर ठिठक सकती हैं, मुस्कुरा सकती हैं कभी-कभी झल्ला भी सकती हैं लेकिन इससे उनके काम पर कोई असर नहीं पड़ता. अगर कोई उनसे यह कहता है कि आपका काम शानदार है तो उनके चेहरे पर गहरे संतोष की लकीर दिखती है. उनके काम को ताकत मिलती है. गीता श्री की चिंता एकदम जायज है कि जिस वक्त में लड़कियां जींस-टॉप पहनकर दौड़ती हुई स्पीड में काम कर रही हों ऐसे में चूड़ी की खनखनाहट और पायल की रुनझुन जैसे प्रतीक बेमानी ही लगते हैं. आसमान बड़ा हो रहा है. बंधन पिघल रहे हैं. अब तो 'आती हुई लहरों पर जाती हुई लड़की... में सौंदर्य देखना होगा. उसका सौंदर्य उसके सपनों का है, उसकी ताकत उसकी महत्वकांक्षाओं की उड़ान है. गीता श्री का यह ब्लॉग कई मायनों में महत्वपूर्ण है. इसमें कॉन्ट्रीब्यूट करने वालों के पास भी नये जमाने की नई सोच है. अगर महिलाओं को, उनके काम को उनके भीतर के संसार को समझना हो, उनके अंदर की आग को जानना हो तो गीता के नुक्कड़ पर रुककर एक कप चाय पीना अच्छा अनुभव हो सकता है. तो आइये क्लिक करते हैं http://hamaranukkad.blogspot.com- प्रतिभा कटियार
आई नेक्स्ट के एडिट पेज पर प्रकाशित
आई नेक्स्ट के एडिट पेज पर प्रकाशित
Subscribe to:
Posts (Atom)
