Friday, October 28, 2016

ख्वाहिश की लंदन डायरी- 2

बर्किंघम पैलेस, चर्चिल हाउस, टेफल्गेर स्कॉवयर-

पहले दिन नाश्ता करने के बाद मामी ऑफिस चली गईं और हम सबका घूमने जाने का प्लान बना। हम सबकी टोली निकली लंदन की सैर करने। पहली दफा वहां की सड़कों पर चलना किसी ख्वाब जैसा था। मुझे काफी समय लगा खुद को यह समझाने में कि हां सचमुच मैं लंदन में ही हूं। यह कोई सपना नहीं है। हम सबने ट्यूब पकड़ी और पहुँच गये ग्रीन पार्क। वहां से गुजरते समय ऐसा लगा कि इतनी हरियाली है यहाँ. यही पेड़ भारत में भी तो हैं लेकिन मैंने उन्हें इस नजरिये से कभी क्यों नहीं देखा। चाहे जितनी भी तारीफ कर ली जाए लंदन की लेकिन अपने भारत की सुंदरता भी कुछ कम नहीं। 

ग्रीन पार्क से गुजरने के बाद मेरे सामने अकल्पनीय, आलीशान हवेली थी। बातचीत के दौरान मामा ने बताया कि यह रानी एलिजाबेथ-2 का महल है। हां, ये वही रानी है जिसके मुकुट में कोहिनूर हीरा जड़ा है। बहुत सुंदर थी वह हवेली। हर तरफ लंबी टोपी और वर्दी वाले सिपाही सुरक्षा में खड़े थे। अंदर जाने की किसी को अनुमति नहीं थी। भीड़भाड़ और चर्चाएं यह चल रही थीं कि रानी अभी किसी दूसरे देश में गई हैं।
लंदन की सड़कों पर चलने का भी एक अलग अनुभव था। लगभग जितना भी लंदन हमने घूमा या तो पैदल या ट्यूब में। महल से कुछ ही दूर पर यूके के पूर्व प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल की आलीशान मूर्ति थी। उस मूर्ति के साथ फोटो खिंचवाने के लिए लंबी लाइन थी। इसके बाद हमने टेफल्गेर स्कावयर का रुख किया। वहां आर्ट गैलरी भी थी जहां महान कलाकारों द्वारा बनाई हुई अद्भुत पेंटिग्स बनी हुई थीं। पेंटिंग्स में मुझे कुछ खास समझ तो नहीं आईं पर हां उनमें रंगों का खेल बहुत अच्छा था। देखते ही देखते समय कैसे बीत गया कुछ पता नहीं चला। शाम होने लगी और हम लोग घर की तरफ बढ़ गये। मुझे और मम्मी को भारतीय समय के हिसाब से जल्दी नींद आने लगती थी। घर आते ही हम दोनों सो गये। उस अद्भुत दिन के ख्वाबों में डूबने के लिए।

ग्रीनविच- एक बात इस देश की बड़ी ही अजीब थी कि गर्मियों में यहां रात के आठ बजे सूरज ढलता था। दस बजे तक तो उजाला ही रहता था। सुबह चार बजे ही फिर से सूरज दादा प्रेजेंट लगा देते थे। वहां धूप कितनी भी रहे हल्की सी हवा ठिठुरा ही देती थी। अगले दिन हमारे साथ मामी भी गईं। हम सब लोग जा रहे थे ग्रीनविच। माना जाता है कि ग्रीनविच से एक काल्पनिक रेखा गुजरती है जिसे समय का घर भी कहा जाता है। 
अंदर जाकर एक संग्रहालय था जिसमें छोटे-छोटे पुर्जों से बनी हुई कई छोटी सी मशीने थीं। एक लकड़ी से बनी दूरबीन भी थी जो कि पहले के समय में बहुत दूर तक का रास्ता दिखाती थी। सबसे सुंदर चीज वहां मुझे लगी खुले हरे-भरे मैदान। वहां कई बड़े व हरे मैदान थे जो कि सारा ध्यान अपनी ओर खींचते थे। उस दिन हमने वहां का सबसे चर्चित ब्रिज, 'टॉवर ब्रिज' देखा और एक अच्छा संयोग यह बना कि जब हम लोग वहां से गुजर रहे थे तब ही वहां उस टॉवर ब्रिज के नीचे से एक बड़ा जहाज गुजरा और अब समय था उस ब्रिज के खुलने का। ब्रिज धीरे-धीरे खुला। यह एकदम अकल्पनीय दृश्य था। मामा ने कहा की वो इतने सालों से लंदन में हैं लेकिन ऐसा नज़ारा तो उन्होंने भी कभी नहीं देखा था. उसके बाद हम लोग मामी के एक दोस्त के घर डिनर के लिए गए। वहां जाकर हमने ढेर सारी मस्ती की. 

(अगली कड़ी में शेक्सपियर का घर, मैडम तुषाद म्यूजियम और थेम्स में मस्ती...जारी...)

Thursday, October 27, 2016

सपनों सा सफ़र, सफर में सपने...ख्वाहिश की लंदन डायरी



जबसे पता चला था कि 2 जून 2016 को मैं अपने मामा मामी के पास मम्मी के साथ लंदन जाने वाली हूं वो भी पूरे 20 दिन के लिए मुझे यह सब एक सपने जैसा लग रहा था। मैंने यह सब बात अपनी सबसे प्रिय मित्र कोमल को बताई तो वह भी मेरे लिए बहुत खुश हुई। वह रोज मुझसे पूछती कि मेरी तैयारी कहां तक पहुंची। हर दिन मानो जैसे एक साल जितना लंबा लगता था। दिन ही नहीं कट रहे थे। दिन में कम से कम मेरी और मम्मी की लंदन जाने के बारे में  दस बार बात होती थी। सबसे ज्यादा उत्सुकता मुझे यह थी कि नया देश देखना कैसा अनुभव होता है. मेरे लिए यह सब किसी ख्वाब सा था। मम्मी को हल्की सी चिंता भी थी कि हम लोग ठीक से बिना किसी मुश्किल के मामा के पास पहुंच जायें। 

आखिर वो दिन आ ही गया जिसका इंतजार था। सफर कुछ इस तरह था कि हम पहले देहरादून से दिल्ली गये और फिर दिल्ली से लंदन। हम लोग सुबह से तैयारी करते-करते आखिरकार ट्रेन  में बैठ ही गये। रात का वक्त था। हम लोग खाना खाकर ख्वाबों के साथ सो गये। सुबह आंखें खुलीं तो मानो सूरज कह रहा हो कि बस अब उठो, दिल्ली आ चुका है। जल्दी से मैं और मम्मी ट्रेन से उतरे और जैसा कि तय हुआ था पापा हमें स्टेशन लेने आये। हम पापा के साथ मेट्रो पकड़कर सीधे एयरपोर्ट पहुंचे। पहली बार मैंने अंतरर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा देखा था। हम लोग अंदर गये और पता नहीं क्यों मुझे अजीब सा लगने लगा। जबकि यह तो पता ही था कि 20 दिन बाद वापस आना है। शायद यह पहली बार अपने देश से दूर जाने का एहसास के कारण हुआ हो। हर काउंटर पर जाकर पासपोर्ट दिखाना, जांच की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद हम एक जगह बैठे और हमने सबको फोन करके बता दिया कि हम अब हवाई जहाज में बैठने जा रहे हैं। थोड़ी ही देर में हम हवाई जहाज के अंदर थे। 

इतना बड़ा हवाई जहाज देखकर तो मेरी आंखें खुली की खुली रह गयीं। जब मैंने यह देखा कि हमारी कुर्सियों के आगे छोटे-छोटे टीवी लगे हैं तो मैंने सोचा कि अब दस घंटे अच्छे से कटेंगे। पर मेरी तबियत कुछ खास ठीक नहीं रही। मैंने अपना सर धीरे से मम्मी की गोद में रखा और ऐसे ही सफर कट गया। मैंने रास्ते में कुछ भी नहीं खाया पिया। जब मैं उठी तो उद्घोषणा हुई कि हम लंदन में उतरने वाले हैं। मम्मी के मना करने के बाद भी कान में एयर प्रेशर कम  करने वाली एक्सरसाइज न करके कान में रूई लगाई ताकि हवा के दबाव से दर्द न हो। 

कुछ ही समय के बाद हम लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर थे। वहां पर इमिग्रेशन कराने के बाद सामान लेकर हम बाहर निकले। सामने ही मामा खड़े नजर आए जो कि हमें लेने आए थे। हम लोग जैसे ही उनसे मिले मामा ने मम्मी के पैर छुए और मुझे गले लगा लिया। हम बाते करते हुए टैक्सी तक पहुंचे। वहां की ठण्ड देखकर मानो ऐसा लग रहा था कि भारत की सारी ठण्ड यही लोग चुरा लाए हों। दांत भी किटकिटा रहे थे। हम लोग टैक्सी की खिड़की के बाहर आश्चर्य से देख रहे थे। भारतीय समय के हिसाब से रात के 1 बजे थे इसलिए आंखों से नींद झलक रही थी। सब कुछ एक सुंदर सपना लग रहा था और ऐसा महसूस हो रहा था कि अभी मम्मी जोर से आवाज देंगी और सपना टूट जायेगा। लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ। हां, मैं हकीकत में लंदन में थी। हम जैसे ही मामा के घर पहुंचे मेरी मामी और स्वाति दीदी ने हमारा स्वागत किया। इतने लंबे सफर के बाद मामी का बनाया हुआ स्वादिष्ट खाना खाकर मुझे बहुत मजा आया। क्योंकि मैंने रास्ते में कुछ नहीं खाया था इसलिए मेरी भूख भी खूब बढ़ी हुई थी। 

हमें नींद भी बहुत आ रही थी। हमने खाना खाने के बाद कुछ बातें की फिर सो गई। और फिर जेटलेग के हिसाब से हम सुबह पांच बजे उठ गये इसके बाद शुरू हुई हमारी घुम्मकड़ी...

(अगली कड़ी में बर्किनघम पैलेस, चर्चिल हाउस, ट्रेफ्लेगर स्क्वॉयर और, ग्रीनविच...)

Wednesday, October 26, 2016

ख्वाहिश का पहला लेख- लंदन यात्रा


Add caption

ख्वाहिश १३ बरस की हैऔर घुम्मकड़ी की शौक़ीन है. कब वो चुपके-चुपके अपनी डायरियों में अपने अनुभव लिखने लगी मुझे पता नहीं. पहली बार दो बरस पहले उसने खुद बताया था कि वो डायरी लिखती है लेकिन चाहती है उसकी डायरी कोई न पढ़े. जाहिर है मेरी जिम्मेदारी उसकी इस प्राइवेसी को बचाने की भी हो गयी. उसकी डायरियां भरने लगीं. मैंने यह ज़रूर महसूस किया कि उसे डायरी में एक बेस्ट फ्रेंड मिल गया है. एक बार जब उसकी डायरी गुम गयी थी, वो बेहदउदास हुई थी अपनी बेस्ट फ्रेंड के बिछड़ने से. तब जाना कि लिखना उसकी भी ज़रुरत है शायद, ऐसी जगह जहाँ उसे रिलीफ मिलती है. 

बहरहाल वो लिखती है, अपने लिए. लिखकर खुश रहती है. उसे पढने का भी कम शौक नहीं...लेकिन उसकी पढने की किताबें मेरे जाने बूझे से काफी अलग है...मैं उससे हर दिन सीखती हूँ. पिछले दिनों मैं और ख्वाहिश अपनी पहली विदेश यात्रा पर थे. ख्वाहिश ने इस यात्रा को भी अपनी डायरी में दर्ज किया. सुभाष राय अंकल ने जब उससे उन डायरी के कुछ पन्ने प्रिंट करने को मांगे तो उसने संकोच के साथ दे दिए...यह पहली बार था जब मैं अपनी बेटी की डायरी को पढ़ रही थी...जाहिर है उसकी इज़ाज़त से. मेरी पलकें नम थीं...उसकी भाषा, उसकी अभिव्यक्ति, और भाषा पर पकड़...सब कितना अनायास कितना सहज. माँ हूँ, ज़ाहिर है मेरे लिए ये पल ख़ास है...जब उसे पढ़ रही हूँ शब्दों में भी...लोगों को उसे पढ़ते हुए देख रही हूँ...

बहरहाल सुभाष अंकल की रिक्वेस्ट मानकर ख्वाहिश ने अपने नानू को तो खुश किया ही इस बहाने मुझे मेरी ही बेटी के भीतर छुपे कुछ नए अंदाज़ देखने, सुनने का मौका भी मिला. ख्वाहिश ने अपनी लंदन डायरी को प्रिंट करने की इज़ाज़त दे दी है...आज पहली बार प्रतिभा की दुनिया में प्रतिभा की ख्वाहिश का स्वागत करते हुए बहुत खुश हूँ...उसकी लंदन यात्रा के तमाम पन्ने एक सिलसिले की रूप में यहाँ लगातार सहेजती जाऊंगी...

http://jansandeshtimes.net/control/uploads/lucknow-city/2016-10-26/08.jpg

ख्वाहिश- लन्दन डायरी...जारी...

Thursday, October 20, 2016

सिर्फ तुम्हारा ख़याल...


सिर्फ तुम्हारा ख़याल
खिला देता है हजारों गुलाब
बहा देता कल कल करती नदियाँ
सदियों की सूखी, बंजर ज़मीन पर

तुम्हारा ख़याल
कोयल को कर देता है बावला
और वो बेमौसम गुंजाने
लगती है आकाश
टेरती ही जाती है
कुहू कुहू कुहू कुहू

तुम्हारा ख़याल
हथेलियों पर उगाता है
सतरंगा इन्द्रधनुष
काँधे पर आ बैठते हैं तमाम मौसम
ताकते हैं टुकुर टुकुर
खिलखिलाती हैं मोगरे की कलियाँ
बेहिसाब
हालाँकि मौसम दूर है
मोगरे की खुशबू का

तुम्हारे ख़याल  से
लिपट जाती है
मुसुकुराहटों वाली रुनझुन पायल
खनकती फिरती है समूची धरती पर

दुःख सारे चलता कर दिए हों
मानो धरती से
और चिंताएं सारी विसर्जित कर दी हों
अटलांटिक में
तुम्हारे ख़याल  ने

कंधे उचकाते ही
आ लगता है आसमान सर से
देने को आशीष
हवाओं में गूंजती हैं मंगल ध्वनियाँ
ओढती है धरती
अरमानों की चुनर

बस एक तुम्हारा ख़याल  है
मुठ्ठियों में और
शरद के माथे पर
सलवट कोई नहीं...

Tuesday, October 18, 2016

महिलाओं के सम्मान का नाटक फिर से - करवाचौथ के बहाने


लो जी, एक बार फिर करवाचौथ के मुद्दे पर चुप लगाकर रखने के मेरे निश्चय को डिगा ही दिया गया. इस बार यह काम किया है उत्तराखंड सरकार ने. सुबह-सुबह अदरक इलायची वाली चाय का जायका बेमजा कर दिया इस खबर ने कि उत्तराखंड सरकार करवाचौथ पर अवकाश घोषित करके इसे महिला सम्मान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है. माने कि देवियों, करवाचौथ के निर्जल अवकाश ने आपके दैवीय प्रभुत्व को और ऊंचा कर दिया है. मजे की बात यह है कि हमेशा की तरह पितृसत्ता का यह खेल एक बार स्त्रियों के खिलाफ ही है और लग इस तरह रहा है जैसे ये उनके हक में लिया गया कोई फैसला है.

महिला सम्मान दिवस मनाने के लिए स्त्रियों द्वारा पति की लम्बी आयु की कामना करने वाले इस निर्जला उपवास को क्यों चुना होगा सरकार ने? इस तरह तो बहुत सारे व्रत उपवासों को भी इस नज़र से देखे जाने की ज़रूरत होगी. आखिर क्यों हर बरस करवाचौथ का यह पागलपन बढ़ता ही जा रहा है..? क्योंकि इस खेल के बढ़ते जाने से सबका फायदा है सिवाय उस स्त्री के जो इसके निशाने पर है...वो ख़ुशी ख़ुशी सज संवर के तैयार होकर, न सिर्फ पितृसत्ता की जड़ें मजबूत कर रही है, इससे खुश भी है.

हम पढ़ते लिखते लोग हैं, समाज हैं. जनगणना के पिछले आकडे बताते हैं कि हम एक अशिक्षित समाज से शिक्षित समाज में तब्दील हो चुके हैं. हमने पहले की अपेक्षा ज्यादा डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, पीसीएस पैदा किये हैं. ये डिग्रीधारी समाज सचमुच शिक्षित भी हुआ है क्या इस पर काफी सवाल हैं. हमारी सोचने विचारने की गति और दिशा कहाँ से तय होती है. क्या हम स्वयं तार्किक होते हैं या हवाओं के रूख के साथ चल पड़ते हैं.

सवाल सिर्फ करवाचौथ का नहीं है सम्पूर्णता में हमारे सोचने और विचारने का है, बने-बनाए चमकीले रास्तों को छोड़कर चलने का है. क्यों किसी स्त्री ने खुद आवाज नहीं उठाई कि ‘महिला सम्मान दिवस’ के तौर पर मनाने को यही त्यौहार मिला था सरकार को. यह सरकार का स्त्रियों को तोहफा नहीं है उसके द्वारा पित्र्सत्ता को मजबूत करने की साजिश है. सरकार की भूमिका होती है कि वो ऐसे समाज का निर्माण करे जहाँ सबके हितों की रक्षा हो. समता, समानता के समाज की संविधान की परिकल्पना को सरकारें इस तरह मुह चिढाएंगी तो क्या उम्मीद की जा सकती है.

महिला सम्मान दिवस...ये सरकारी उन्माद की इंतिहा है, अख़बार, टीवी चैनल कई सालों से जिस तरह इस पागलपन से उफनाये रहते हैं वो कम नहीं थे क्या जो अब सरकारें भी कूद पड़ी हैं इस यज्ञ में. आखिर किस ओर जा रहे हैं हम? अभी हम इन बातों की बहस में ही उलझे थे कि हमारी शिक्षा हमें कितना तार्किक बना रही है. क्या हम वैज्ञानिक सोच के समाज होने की ओर अग्रसर हो सकेंगे कभी. कोई बड़ी बात नहीं कि कल को पाठ्यपुस्तकों में करवाचौथ, अहोई अष्टमी आदि की कथाएं शामिल हो जाएँ.

निश्चित रूप से महिलाएं सरकार की इस घोषणा से खुश होंगी. महिला सम्मान दिवस के तौर पर करवा चौथ मनाते हुए शायद ही किसी के मन में यह ख्याल आये कि यह असल में पतनशील समाज की ओर बढ़ना है. यही है पितसत्ता का खेल. एक सिंहासन बनाकर उस पर स्त्रियों को बिठा दो. जयकारे लगाओ उनकी ममता के, समर्पण के, उनकी खामोश रहकर सब सहने की शक्ति के, अपने लिए नहीं दूसरों के लिए सोचने के, खुद भूखे रहकर परिवार का पेट भरकर अन्नपूर्णा बनने के, खुद एनीमिया से जूझते हुए मुस्कुराते रहने के, बीमारी की हालात हो या गर्भ का नौवां महीना, उनके निर्जला व्रत रहकर पति और पुत्र की लम्बी आयु की कामना करने के...जय हो...जय हो देवियों...देखो तुम्हारे इस त्याग पर सरकार ने खुश होकर अवकाश घोषित कर दिया है. इसके लिए सरकार ने अपना मोतियों का हार तुम पर निछावर किया है और तुम्हारे सम्मान के रूप में इस दिवस को महिला सम्मान दिवस घोषित किया है. तुम्हारा सिंहासन जितना मजबूत होगा उतना मजबूत होगा पित्र्सत्ता का सिंहासन. स्त्रियों को भी खुद को दैवीय सिंहासन पर बैठने में आनंद आता है और अपने पति को परमेश्वर बनाने में. गैर बराबरी की बुनियाद पर बने रिश्तों वाले समाज में किस निरपेक्ष भाव की उम्मीद कर रहे हैं हम. किस प्रगतिशीलता की.

प्रगतिशील महिलाएं भी अपनी प्रगतिशीलता को कुछ देर को स्थगित कर ही देती हैं. कि मेहँदी, चूड़ी, गहनों से चमकता बाज़ार खींचता जो है. धर्म से, आस्था से, फैशन और बाज़ार तक आते हुए हम भूल गए कि भाई के द्वारा ढेर सारा सामान लेकर न पहुँचने पर छोटी बहू को ताने मारने वाली करवाचौथ की कथा के भीतर किस तरह का मर्म है छुपा है...कि पति की लम्बी आयु के लिए एक भाई का होना ज़रूरी है, उसका धन धान्य से परिपूर्ण होना ज़रूरी है तभी व्रत सफल होगा.

खैर, परम्पराओं के उन्माद के, उनके पोषण के इस खेल में अब जबकि सरकारें भी शामिल हो चली हैं तो बाज़ार के इस उत्सव की चमक को बढ़ना ही है. महिलाओं के सम्मान के बहाने उन्हें लगातार रूढ़िवादिता की ओर धकेलना कौन सी प्रगतिशीलता का परिचायक है सोचना तो होगा ही.