Thursday, October 13, 2016

शोर अच्छा नहीं लगता...



कुछ दिनों से अपने 'स' की तलाश में फिर से भटक रही हूँ. इस भटकन में सुख है. अकसर लगता है कि बस अब पहुँचने वाली हूँ, कहाँ पता नहीं लेकिन वहां शायद जहाँ इस भटकन से पल भर को राहत हो. राहत, क्या होती है पता नहीं... खिड़की के बाहर देखने पर पडोसी के घर के फूल नज़र आते हैं, वो राहत है, अपने पौधों में इस बार कलियाँ कम आई हैं इसकी चिंता है...वो जिसे अपना कहकर रोपा था, उसे सहेज नहीं पा रही हूँ शायद, वो जो कहीं और खिल रहा है वो अपना ही लग रहा है....ये अपना होता क्या है आखिर...वो जिसे सहेज के पास रख सकें या जो दूर से अपनी खुशबू, अपने होने से मुझे भर दे...

आज फिर 'यमन' शुरू किया...फिर से. मुझे इस राग के पास सुकून मिलता है इन दिनों. 'क्यों' पता नहीं. कभी ऐसा सुकून मालकोश के पास मिला करता था. तो क्या राग बदल गया, या मौसम, या मन का मौसम...उन्हू मौसम तो वही है...किसी कमसिन की पाज़ेब की घुँघरूओं सा. सरगोशियाँ करता, इठलाता, मुस्कुराता . राग भी वही है...यानि मुझे खुद से ही बात करनी चाहिए. कर ही रही हूँ. सारे जहाँ में बस एक 'स' नहीं मिलता. सब मिलता है. त्योहारों का मौसम है, बाज़ार सजे हैं...अक्टूबर का महीना है, आसमान से रूमानियत टपक रही है...अनचाहे मुस्कुराहटें घेर लेती हैं...लेकिन 'स' नहीं लग रहा. कल रात लगते लगते रह गया. ये तार झन्न से टूट गया...हमेशा टूटता है...तार बदल सकता था..लेकिन मन नहीं...तार बहुत हैं पास में, मन एक ही है बस.

सुबह के दोस्तों से मुखातिब होती हूँ, उन्हें कोई फ़िक्र नहीं...उन्हें बस दाना खाने से और दाना खाकर उड़ जाने से ही मतलब है..जाने उनका सुख दाना है या उड़ जाना, पर वो सुख में लगते हैं...सुख में लगना भी अजीब है...मैं भी लगती हूँ शायद, सबको लगती हूँ, खुद को भी...लेकिन हूँ क्या...अगर हूँ तो मेरा 'स' कहाँ गुम गया है. अगर वो इतना गैर ज़रूरी है तो उसे ढूंढ क्यों रही हूँ. पागलपन्ती ही तो है सब...कोई 'स' 'व' नहीं होता ज्यादा मत ढूंढ, सो जा चैन से, मन मसखरी करता है...हंसती हूँ...

शोर अच्छा नहीं लगता, मैं उससे कहती हूँ...तो कहाँ है शोर...शांति ही तो है...वो मुझसे कहता है...शांति बाहर है न, भीतर बहुत शोर है...बाहर से आने वाले शोर के रास्ते बंद करना जानती थी, सो कर लिए भीतर के शोर से मुक्ति के रास्ते तलाश रही हूँ...एक झुण्ड पंछियों का लीची के पेड़ से फुर्रर से उड़कर आसमान की ओर रवाना हुआ है...मेरा आसमान कहाँ है....

Wednesday, October 5, 2016

क' से कविता...मैं से मुक्ति का सफ़र....



न जाने किस उम्र में कब उसने अपनी उंगली थमाई थी, बस इतना याद है कि उसकी पहली छुअन बचपन के किसी कोने में दर्ज हुई थी, तबसे आज तक अहसास बढ़ते गये, शिद्दत बढ़ती गई, प्यास बढ़ती गई। प्यास पढ़ने की। कविताएं पढ़ने की। एकाकी बचपन में कोई दोस्त अगर था तो बस किताबें थीं। कविता और कहानी का अंतर भी न पता था, तबसे कविता जी लुभाती है। हालांकि अंतर तो अब भी पता नहीं। जाने कहां-कहां मिल जाती है कविता उपन्यास मंे, कहानी में, बतकही में, आम की बौर में, सड़क पर, पगडंडी में, खेतों में कभी-कभी चमचम करते सुनहरे शहरों में भी।

इसी कविता प्रेम के चलते पिछले कुछ महीनों से कविता की बैठकी शुरू की। क से कविता। देहरादून में तीन दोस्त जमा हुए मैं, सुभाष रावत और लोकेश ओहरी। सोचा कि रोजमर्रा की भागदौड़ में कविताओं से वो जो एक दूरी सी बनने लगी है उस दूरी को कम करते हैं...मिलकर कुछ देर सुनते सुनाते हैं कविताएं...

न...न...न...हम तीनों दोस्तों में से कोई भी कवि नहीं है। मुझ पर छुटपुट ये आरोप लगते जरूर हैं लेकिन हूं मैं भी कविता प्रेमी ही अपने बाकी दोनों दोस्तों की तरह। कविता ही क्यों साहित्य, संस्कृति की उन तमाम धाराओं से हमारा लगाव है जो दरअसल मनुष्यता को गढ़ती हैं, उनके हक में खड़ी होती हैं, जो समूची धरती को भौगोलिक नक्शों, असलहों और राजनैतिक बयानों से बहुत दूर रखती है। कविता जो “मैं“ से मुक्त करती है और कवि को फक़ीर बनाती है।

लेकिन एक सच्चाई यह भी है कि कबीर का दौर बीत चुका है। फकीर कहां रहे अब, कवि बचे हैं बहुत सारे। कभी-कभी लगता है कि इतने सारे कवि हंै कि कविता इन सबसे डरकर दूर कहीं जा छुपी है। चहुंओर मंच सजे हैं, अपनी-अपनी किताबें सर पर लादे तमगे गले में टांगे लोग आत्ममुग्धता में आकंठ पैबस्त हैं। खुद को और अपनी कविता को श्रेष्ठ साबित करने की होड़ में दूसरे को नीचा दिखाने की अजीब सी कवायद चल पड़ी है। ऐसे में एक पाठक है बेचारा जो घबराया हुआ है। उसके पास भी है कुछ कहने को, वो कह नहीं पाता। किसको फुरसत है उसे सुनने की। पाठक हाशिए पर है। पाठक अपनी सरल सी अभिव्यक्ति के साथ उपेक्षित खड़ा है, उसकी अभिव्यक्ति की ओर किसी का ध्यान नहीं।

सोचती हूं कि क्या बिना मनुष्य हुए कवि हुआ जा सकता है? अगर आपकी बहुत अच्छी कविताएं किसी का चूल्हा जलाने के काम आएं तो आपको सुख होना चाहिए...बिना अपना नाम लिखे क्या आपमें अपनी कविताओं को आकाश में उछाल देने का साहस है? क्या सचमुच कविता लिखने के बाद, छपने के बाद, पुरस्कृत होने के बाद भीतर की विनम्रता, चुपके से किसी अंहकार में तब्दील हो गई है और लिखने वाले को पता भी नहीं चला...तो सचमुच ऐसे कवि और कविता दोनों की जरूरत न समाज को है न समय को।

संभवतः ऐसी उथल-पुथल रही होगी जिसके चलते एक लंबे समय से मैंने खुद को समेट लिया था, कहीं साहित्यिक जलसों में आना-जाना, मिलना-जुलना बंद, साहित्यिक पत्रिकाओं को से भी माफी मांग ली थी अरसे से। कभी किसी रोज कोई किताब उठाती बालकनी में धूप सेंकते हुए चिड़ियों के शोर के बीच पढ़ती, कभी नहीं भी पढ़ती। यात्राएं करती...पढ़ती...कभी नहीं भी पढ़ती। नदी के किनारे अकेले घंटों बैठकर चुपचाप किसी पहाड़ी को निहारती और कुछ कविताएं पढ़ती, कभी नहीं भी पढ़ती, कभी मीलों पैदल चलते हुए कोई कविता भीतर से गुजरती हुई मालूम होती, उसकी खुशबू सफर को आसान बना देती...एक अरसे से कविताएं इसी तरह साथ हैं...यकीन मानिए सुख है इनके संग इस तरह होने का। वो शोर नहीं करतीं मुझे पढ़ो, मुझे पढ़ो का, बल्कि कहती हैं मौसम जी ले पगली, मैं भी वहीं हूं। कभी भीतर की कोई पीड़ा, कोई बेचैनी उसके करीब ले जाकर खड़ा कर देती और वो सर पर हाथ फिरा देती।

इस बीच जब “क“ से कविता का विचार बना और सुभाष और लोकेश दोनों दोस्तों को बात जम गई तो यह विचार ही किसी कविता सा लगा कि पहाड़ के किसी कोने में रोजमर्रा की आपाधापी में से चंद लम्हे चुराकर अपनी पसंद की कविताएं सुनना, सुनाना...।

हम चल पड़े कविता का हाथ थामकर...कारवां अब बनने लगा है। लोग आते हैं, खुद। छूटते भी जाते हैं खुद। छूटने वालों को कुछ न जमता होगा, आने वालों को कुछ तो जमता होगा। जो भी हो, हमारी हथेलियों में कुछ अच्छी शामें ठहरने लगीं, कुछ ऐसी कविताओं से परिचय बढ़ने लगा जिन तक अभी पहुंचे न थे।

जब हमने “क“ से कविता के बारे में सोचा था तो यही कि इस कार्यक्रम को चारागाह नहीं बनने देंगे। चारागाह यानी मैं....मैं...मैं....मैं.....के शोर से दूर ही रखेंगे। जल्द ही समझ में आ गया था कि यह आसान नहीं होगा, लोगों के भीतर “मैं“ की खेती इस कदर हो चुकी है कि जाने कहां-कहां से, किस-किस रूप में वो बाहर आता है...पर हमने ठान लिया था चारागाह तो नहीं ही बनने देंगे।

कोई मुख्य अतिथि नहीं, कोई मंच नहीं, कोई विशेष नहीं कोई शेष नहीं...सब कविता प्र्रेमी बस...इससे कोई समझौता नहीं...चाहे कोई रूठे, नाराज हो, चाहे अंत में हम तीन ही क्यों न बचें...

फिलहाल सफर चल रहा है, अच्छा चल रहा है। सुभाष इसे उत्तरकाशी, श्रीनगर और हल्द्वानी तक पहुंचा सके हैं। इस सफर में बहुत से अनुभव हो रहे हैं। वो भी सीखना है एक तरह का। लोगों के लिए पहले तो “अपनी कविताएं नहीं सुनाना है“ वाला “मैं“ उतारना ही मुश्किल था, वो उतरा जैसे-तैसे तो यह आग्रह झलकने लगे कि जो मेरी प्रिय है उसे कितनी तवज़्जो मिल रही है, मैं कितनी ज्यादा सुना सकूं।

“मैं कौन हूं...“ यह सवाल जो शायद अब तक खुद से कभी पूछा नहीं, लोगों को बताने आते तो लंबी फेहरिस्त निकलने लगी थी कि मैं ये हूं, मैं वो हूं, मैंने ये किया, मैंने वो किया। अक्सर सुझाव मिलते जो “क“ से कविता को किसी लेक्चर मोड की ओर ले जाते मालूम होते।

वरिष्ठों की वरिष्ठता छलकने के नये-नये रास्ते निकालती, लेकिन हम उन रास्तों के आगे हाथ गाये खड़े थे, खड़े हैं। यह बात सबको समझनी ही होगी कि “क“ से कविता की बैठकी सुनने का संस्कार है...एक-दूसरे की पसंद को एप्रिशिएट करने का भी। यह सिर्फ अपनी कविता न सुनाने भर का मामला नहीं है यह सचमुच धीरे-धीरे अपने “मै“ से निकलकर दूसरे को स्पेस देने, सुनने, समझने, एक-दूसरे की तरफ हाथ बढ़ाने का मामला है....

बैठकी का सुख है, खुद को भूलने का सुख होना...बैठकी का सुख है अच्छी कविताओं के करीब जा बैठना।

“क“ से कविता शायद उस “मैं“ को थोड़ा खुरच सके, उस “मैं“ के भीतर जो मासूम सा इंसान कहीं दुबक गया है एक रोज वो शायद बाहर आ सके....कोई बोझ न हो किसी पर....अपने नाम, अपने काम, अपनी पहचान, अपनी पसंद, नापसंद तक का कोई बोझ नहीं....ऐसे ही मुक्त माहौल में कविताओं के उड़ते फिरने की कामना है “क“ से कविता...

('क' से कविता छ महीने की यात्राः कुछ अहसास)

Wednesday, September 28, 2016

प्यार है तुमसे मेरे हीरो...


तारीखों के मुताबिक लोगों को याद करना मुझे पसंद नहीं. शायद मीडिया में ठीकठाक पारी खेलते हुए तारीखों के जश्न के बीच उन्हीं लोगों को मार्केट करते देखना और ठीक एक दिन बाद भूल जाना ३६४ दिन के लिए भी इसका कारण रहे होंगे. लेकिन मैं खुद अपना ही कंट्रास्ट खुद भी हूँ...क्योंकि कुछ तारीखें जो ठहरी हुई हैं जेहन में अपनी खासियत के चलते उन्हें ३६४ दिन याद भी रखा है, इंतजार भी किया है तारीख की मुठ्ठी खुलने का. ऐसी ही एक तारीख है २७ सितम्बर भी और २३ मार्च भी. 

जेहन से ये ख्याल कभी जाता ही नहीं कि अगर ये आज़ादी भगतसिंह  और  सुभाष  चन्द्र बोस की जानिब से आती तो इसकी अलग ही खुशबू होती. इन्कलाब जिदाबाद इस शब्द में भगतसिंह ने इतना रूमान भर दिया कि अब भी आँखें छलक पड़ती हैं...आज तुम्हारे जन्मदिन पर तुम्हें याद करते हुए तुम्हारे बार-बार पढ़े खतों को फिर फिर पलटती हूँ....कि तुमसे प्यार है मेरे हीरो...


शहादत से पहले साथियों को अन्तिम पत्र

22 मार्च, 1931

साथियो,

स्वाभाविक है कि जीने की इच्छा मुझमें भी होनी चाहिए, मैं इसे छिपाना नहीं चाहता। लेकिन एक शर्त पर ज़िन्दा रह सकता हूँ, कि मैं कैद होकर या पाबन्द होकर जीना नहीं चाहता।

मेरा नाम हिन्दुस्तानी क्रान्ति का प्रतीक बन चुका है और क्रान्तिकारी दल के आदर्शों और कुर्बानियों ने मुझे बहुत ऊँचा उठा दिया है- इतना ऊँचा कि जीवित रहने की स्थिति में इससे ऊँचा मैं हरगिज़ नहीं हो सकता।

आज मेरी कमजोरियाँ जनता के सामने नहीं हैं। अगर मैं फाँसी से बच गया तो वे जाहिर हो जाएँगी और क्रान्ति का प्रतीक चिन्ह मद्धिम पड़ जाएगा या संभवतः मिट ही जाए। लेकिन दिलेराना ढंग से हँसते-हँसते मेरे फाँसी चढ़ने की सूरत में हिन्दुस्तानी माताएँ अपने बच्चों के भगतसिंह बनने की आरजू किया करेंगी और देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों की तादाद इतनी बढ़ जाएगी कि क्रान्ति को रोकना साम्राज्यवाद या तमाम शैतानी शक्तियों के बूते की बात नहीं रहेगी।

हाँ, एक विचार आज भी मेरे मन में आता है कि देश और मानवता के लिए जो कुछ करने की हसरतें मेरे दिल में थीं, उनका हजारवाँ भाग भी पूरा नहीं कर सका। अगर स्वतन्त्र, ज़िदा रह सकता तब शायद उन्हें पूरा करने का अवसर मिलता और मैं अपनी हसरतें पूरी कर सकता। इसके सिवाय मेरे मन में कभी कोई लालच फाँसी से बचे रहने का नहीं आया। मुझसे अधिक भाग्यशाली कौन होगा? आजकल मुझे स्वयं पर बहुत गर्व है। अब तो बड़ी बेताबी से अंतिम परीक्षा का इन्तज़ार है। कामना है कि यह और नज़दीक हो जाए।


आपका साथी 
 भगतसिंह
कुलबीर के नाम अन्तिम पत्र

लाहौर सेण्ट्रल जेल,
3 मार्च, 1931

प्रिय कुलबीर सिंह,

तुमने मेरे लिए बहुत कुछ किया। मुलाक़ात के वक्त ख़त के जवाब में कुछ लिख देने के लिए कहा। कुछ अल्फाज़ (शब्द) लिख दूँ, बस- देखो, मैंने किसी के लिए कुछ न किया, तुम्हारे लिए भी कुछ नहीं। आजकल बिलकुल मुसीबत में छोड़कर जा रहा हूँ। तुम्हारी ज़िन्दगी का क्या होगा? गुज़ारा कैसे करोगे? यही सब सोचकर काँप जाता हूँ, मगर भाई हौसला रखना, मुसीबत में भी कभी मत घबराना। इसके सिवा और क्या कह सकता हूँ। अमेरिका जा सकते तो बहुत अच्छा होता, मगर अब तो यह भी नामुमकिन मालूम होता है। आहिस्ता-आहिस्ता मेहनत से पढ़ते जाना। अगर कोई काम सीख सको तो बेहतर होगा, मगर सब कुछ पिता जी की सलाह से करना। जहाँ तक हो सके, मुहब्बत से सब लोग गुज़ारा करना। इसके सिवाय क्या कहूँ?

जानता हूँ कि आज तुम्हारे दिल के अन्दर ग़म का सुमद्र ठाठें मार रहा है। भाई, तुम्हारी बात सोचकर मेरी आँखों में आँसू आ रहे हैं, मगर क्या किया जाए, हौसला करना। मेरे अजीज़, मेरे बहुत-बहुत प्यारे भाई, ज़िन्दगी बड़ी सख़्त है और दुनिया बड़ी बे-मुरव्वत। सब लोग बड़े बेरहम हैं। सिर्फ मुहब्बत और हौसले से ही गुज़ारा हो सकेगा। कुलतार की तालीम की फ़िक्र भी तुम ही करना। बड़ी शर्म आती है और अफ़सोस के सिवाय मैं कर ही क्या सकता हूँ। साथ वाला ख़त हिन्दी में लिखा हुआ है। ख़त ‘के’ की बहन को दे देना। अच्छा नमस्कार, अजीज़ भाई अलविदा... रुख़सत।

तुम्हारा खैरअंदेश
भगत सिंह

Thursday, September 15, 2016

कंधे से सटकर बैठने में बहुत सुख है...



जब खुद को उतारकर रख देती हूँ खुद से दूर कहीं ठीक उसी वक़्त किसी को अपने बहुत करीब पाती हूँ. चेहरा कोई नहीं बनता, एहसास होता है कि कोई है...बहुत करीब. ठीक उस तरह जिस तरह उसे होना चाहिए, बिलकुल उतना ही जितने की दरकार है न कम न ज्यादा. वो जो होना है वो उस उतारकर रखे गए के करीब बैठा होता है, कंधे से सटकर.

कंधे से सटकर बैठने में बहुत सुख़ है. सीलन से सर्द दीवार पे जब धूप गिर रही हो उस वक़्त उस दीवार से सटकर खड़े होना या उससे पीठ टिकाकर बैठने का सुख उसे कैसे पता. मैं दूर से बैठकर उसका खेल देखती हूँ. वो मेरी हथेलियों में धूप के सिक्के रखता है. ठीक उसी वक़्त सर पर खड़े पलाश के पेड़ की छाया गिरती है. हाथ पर दो सिक्के एक साथ रख जाते हैं...धूप भी, छाया भी...ऐसे ही मेरे चेहरे पर दो लकीरें गिरती हैं, तिरछी रेखाएं. चाँद और सूरज की रौशनी एक साथ...वो अपनी हथेलियों से कभी चाँद को ढांप देता है, कभी सूरज को...चेहरे पर अँधेरा नहीं गिरने देता...ये कोशिश भीतर के अँधेरे को रौंदने की है दरअसल...उसे मेरे चेहरे को सिर्फ अपनी हथेलियों से ढांपकर अँधेरा करना पसंद है...

पहाडी रास्तों पर हाथ पकड़कर भागता फिरता है वो मेरे साथ, बारिशों को उछालता है, मेरी तमाम तनहाइयों को फूंककर उड़ा देता है. मैं उसे दूर से देखती हूँ अपने ही साथ घूमते, चाय पीते, नज़र से नज़र जोड़कर घंटों बैठे रहना. मेरे तमाम दर्द वो अपनी अंजुरियों में सहेजता है, उन्हें पी जाना चाहता हो जैसे...कहता है वो तुम हो सिर्फ तुम ही...इस दुनिया में मेरी इकलौती प्रेमिका, न तुमसे पहले कोई न तुम्हारे बाद कोई...मैं सिसक उठती हूँ....सदियों से यही सुनने को हर प्रेमिका भटक रही है कितने जंगलों, रेगिस्तानों में...

फिर जैसे ही मैं अपना हाथ थामती हूँ...वो गुम हो जाता है...कहीं नजर नहीं आता. भीतर कुछ रेंगता महसूस होता है लेकिन. वो जो चला गया वो कौन था...वो जो मेरे मैं से अलग होने पर ही आता है...और मैं के करीब आते ही गुम हो जाता है...

जानती मैं भी हूँ....कि वो कौन है...फिर भी उसे चेहरे में तलाशने की आदत से बाज नहीं आती...अपने ही एहसास का कोई चेहरा होता है क्या...मैं दूर से देखती हूँ अपना चेहरा...दिप दिप करती चेहरे पर पड़तीं लकीरें...मुस्कुराती हूँ...

Thursday, September 1, 2016

तुम्हारे ख़यालो से घिरा हूँ - नेपोलियन




नेपोलियन बोनापार्ट का नाम आते ही एक योद्धा, एक शासक की छवि उभरती है। लेकिन इस शासक को, नेपोलियन को पत्र लिखने का बहुत शौक था। उसने अपनी पूरी ज़िन्दगी में ७५,००० ख़त लिखे। जिसमें से ज़्यादातर उसने अपनी पत्नी जोसिफिन को लिखे। कुछ शादी के पहले लिखे और काफ़ी सारे शादी के बाद भी। यह जो ख़त है नेपोलियन ने १७९६ में शादी से पहले अपनी पत्नी को लिखा था- प्रतिभा 

पेरिस, दिसंबर १७९५

प्रिय,

मैं सुबह जागा तो तुम्हारे ख़यालो से घिरा हुआ था। तुम्हारी तस्वीर, और तुम्हारे साथ बीती कल की खूबसूरत शाम का नशा मुझ पर अब तक छाया हुआ है। ओह मेरी प्यारी, अतुलनीय जोसिफिन, तुम्हारे एहसास ने मेरे दिल पर कैसा जादुई असर किया है।

प्रिय, कहीं तुम नाराज़ तो नहीं? कहीं तुम उदास तो नहीं हो? और चिंतित.....ओह तुम तो मेरी आत्मा हो। अगर तुम दुःख में हो तो तुम्हारे प्रेमी को एक पल का चैन भी भला किस तरह आ सकता है।

एक बात बताओ, क्या तुमने अपने दिल में मेरे लिए और भी बहुत कुछ बचाकर रखा है? हालाँकि प्रिय, तुम्हारे इन्तिहाई समर्पण और प्रेमपूर्ण भावनाओं ने मुझे अभिभूत कर रखा है। तुम्हारे दिल की जो बात मैंने तुम्हारे होंठो से सुनी हैं, तुम्हारे दिल की हलचल को जिस तरह महसूस किया है वो सारी ज़िन्दगी मेरे भीतर तुम्हारे प्रति प्रेम की ऊष्मा को बनाये रखने को काफी है...

मैं तुम्हारे प्यार की आग में ता-उम्र जलता रहूँगा। कल रात मुझे एहसास हुआ कि तुम्हारी तस्वीर की सुन्दरता तुम्हारी सुन्दरता के आगे कितनी कम है...

तुम दोपहर में निकल रही हो न? मैं तीन घंटों बाद तुमसे मिलूँगा।

तब तक ढेर सारा प्यार, हजारों चुम्बन। लेकिन तुम मुझे वापसी में कुछ मत देना प्रिय, क्योंकि वो मेरे खून में आग सी लगा देगा, मैं सह न सकूँगा प्रिय...

तुम्हारा