Tuesday, September 27, 2011

कभी यूँ भी तो हो...


कभी यूँ भी तो हो 
दरिया का साहिल हो 
पूरे चाँद की रात हो 
और तुम आओ...

परियों की महफ़िल हो 
कोई तुम्हारी बात हो
और तुम आओ..

ये नर्म मुलायम ठंडी हवाएं
जब घर से तुम्हारे गुजरें
तुम्हारी खुशबू चुराएँ 
मेरे घर ले आयें...
और तुम आओ.

सूनी हर महफ़िल हो
कोई न मेरे साथ हो 
और तुम आओ.

ये बदल ऐसे टूट के बरसें
मेरी तरह मिलने को 
तुम्हारा दिल भी तरसे 
तुम निकलो घर से 
और तुम आओ...

तन्हाई हो दिल हो
बूँदें हो बरसात हो 
और तुम आओ.

दरिया का साहिल हो
पूरे चाँद की रात हो 
और तुम आओ..
कभी यूँ भी तो हो...
- जावेद अख्तर
 (एल्बम -सिलसिले )

Thursday, September 22, 2011

आकाश में बोए हीरे मोती



 तुमने वर्षांत पर मुझे एक बाली दी धान की 

क्वांर में उजाली दी कांस की 
कातिक में झउया भर फूल हरसिंगार के 
अगहन में बंसी दी बांस की 
माघ में दिया मुझको अलसी का एक फूल 
फागुन में छटा दी पलाश की 
चैत में दिया मुझको नया जन्म 
नहर की मछलियाँ दीं मुझको वैशाख में 
जेठ में मुझे सौंपी प्रिय, तुमने बेकली 
छुआ, हरा किया मुझे, वर्षा के पाख में.

मैं लेकिन जल भर भर लाता हूँ आँख में 
क्या जाने मेरा मन कैसा हो आता है
क्या कुछ ढूँढा करता हूँ पीछे 
छूट गए वर्षों की राख में 
क्या जानूं क्यों पीछे और लौट जाता हूँ. 
मैं बारह मास में 
लगता है बोए थे मैंने जो हीरे-मोती इस आकाश में 
जीवन ने बिखरा दिया है सब, यहाँ-वहां घास में.

छूछापन सोया है मन के समीप, बहुत पास में
मैंने क्यों बोए थे हीरे-मोती इस आकाश में?

- श्रीकांत वर्मा  

Sunday, September 18, 2011

तेरे अलावा याद हमें सब आते हैं -शहरयार


वो अक्सर हमसे नाराज रहते हैं. वो हर ख़ुशी में हमें शामिल करते हैं, गम में क्यों नहीं करते. क्यों नहीं छूने देते अपनी तन्हाई. शायर शहरयार को अवार्ड मिलना तो बहाना है उन्हें याद करने का. क्योंकि दिल जानता है कि कुछ लोग अवार्ड्स वगैरा से बहुत ऊपर निकल जाते हैं...उनकी दुआओं को अपनी पलकों पर उठाते हुए आज अपने जीवन की इस गाढ़ी कमाई पर फख्र होता है.- प्रतिभा 


ऐसे हिज्र के मौसम अब कब आते हैं
तेरे अलावा याद हमें सब आते हैं 


जज़्ब करे क्यों रेत हमारे अश्कों को
तेरा दामन तर करने अब आते हैं 

अब वो सफ़र की ताब नहीं बाक़ी वरना
हम को बुलावे दश्त से जब-तब आते हैं 

जागती आँखों से भी देखो दुनिया को
ख़्वाबों का क्या है वो हर शब आते हैं 

काग़ज़ की कश्ती में दरिया पार किया
देखो हम को क्या-क्या करतब आते हैं.

------------------------

किया इरादा बारहा तुझे भुलाने का
मिला न उज़्र ही कोई मगर ठिकाने का 

ये कैसी अजनबी दस्तक थी कैसी आहट थी
तेरे सिवा था किसे हक़ मुझे जगाने का 

ये आँख है कि नहीं देखा कुछ सिवा तेरे
ये दिल अजब है कि ग़म है इसे ज़माने का 

वो देख लो वो समंदर ख़ुश्क होने लगा
जिसे था दावा मेरी प्यास को बुझाने का 

ज़मीं पे किस लिये ज़ंजीर हो गये साये
मुझे पता है मगर मैं नहीं बताने का....

Saturday, September 17, 2011

बुलबुल को बागबां से न सैय्याद से गिला


पहाड़ों से टकराकर कुछ आवाजें इतनी खूबसूरत हो उठी थीं कि मानो धरती ने अपने पैरो में कोई पायल बाँध ली हो. यूँ दूरियां सिर्फ दिलों की ही होती हैं फिर भी कई बार हाथ छुड़ाने में दर्द का अहसास आ ही जाता है.  वो ऐसी ही एक शाम थी. आसमान बरस-बरस कर धरती में समाया जा रहा था...हम एक-दूसरे का हाथ थामे थे. मानो रात को रोके रखना चाहते हों. प्रेम को सहेजना आसान नहीं होता. मैं आँखें चुरा रही थी. मुझे याद है मेरी विदाई (शादी)  के वक़्त मेरी माँ भी ऐसे ही मुझसे आँख चुराती घूम रही थी. हम कम सामना कर रहे थे उन दिनों. जबकि मैं उनकी गोद में सर रखकर भरपूर रोना चाहती थी. आखिरी लम्हों में धीरज टूटा और ऐसा टूटा कि आज भी उन लम्हों कि छुवन सिसकियों से भर देती है. मैंने अरसे बाद ऐसा मासूम, निश्छल प्रेम अपनी कोरों पर अटकते हुए महसूस किया था. वो शदीद बारिश की नहीं, शदीद प्रेम की रात थी. संगीत से वो मुझे भर देना चाहते थे. मैं भी अंजुरी भर-भर के संगीत में घुला प्रेम पी रही थी. यूँ मेरी जान हर उस लम्हे में, हर उस व्यक्ति में बसती है जहाँ निश्छल प्रेम बसता है. लेकिन देहरादून में मिले इन बच्चों के असीम प्रेम को मैं हर रोज बूँद-बूँद किसी अमृत की तरह गटकती हूँ. बहादुर शाह ज़फर की ये ग़ज़ल उस रात आसिम ने मुझे सौगात में दी थी...उसे ईदी में देने के लिए मेरे पास ऐसी कोई सौगात नहीं थी...वो अब भी मुझे हर रोज याद करते हैं. मै हर रोज उन्हें दुआ देती हूँ उनके सपनो को विस्तार मिले और हकीकत की धरती भी.  ये ग़ज़ल तुम्हारे लिए लगा रही हूँ मेरे बच्चे आसिम . खुदा तुम्हे सलामत रखे...


लगता नहीं है जी मेरा उजड़े दयार में  
किस की बनी है आलम-ए-नापायेदार में 

बुलबुल को बागबां से न सैय्याद से गिला 
किस्मत में कैद थी लिखी फ़स्ले बहार में 

कह दो इन हसरतों से कहीं और जा बसें 
इतनी जगह कहाँ है दिल-ए-दाग़दार में 

इक शाख़-ए-गुल पे बैठ के बुलबुल है शादमां 
कांटे बिछा दिए हैं दिल-ए-लालाज़ार में 

उम्र-ए-दराज़ माँग कर लाये थे चार दिन 
दो आरज़ू में कट गये दो इन्तज़ार में  

दिन जिंदगी के ख़त्म हुए शाम हो गई 
फैला के पाँव सोयेंगे कुंजे मज़ार में  

कितना है बदनसीब "ज़फ़र" दफ़्न के लिये 
दो गज़ ज़मीन भी न मिली कू-ए-यार में 

- बहादुर शाह ज़फ़र

Tuesday, September 13, 2011

सुख...



उसने कहा सुख, लड़के ने उसे भीतर आने दिया. उसने कहा दुख, लड़के ने उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया. सुख के चेहरों पर चमक थी. वे निहायत खूबसूरत थे. उन्हें देखते ही उनसे प्यार हो जाता था. पहली न$जर का प्यार. सुखों से उसका पुराना नाता था. हर सुख का रंग-ढंग, अंदाज सब उसे लुभाते थे. उसके घर का हर कोना सुखों की चमक से सजा-धजा था. जिंदगी के दिन जैसे-जैसे बीतते गये, वो समझदार होता गया. उसे सुखों को कसौटी पर कसना आ गया. अब अगर सुख कभी चेहरा बदलकर आये तो भी उसे पहचान लेता था और बांह पकड़कर अपने पास बिठा लेता. 
अब तक उसे अपने हुनर पर खूब भरोसा हो चला था कि बंद आंखों से भी वो सुख और दुख का भेद आसानी से कर सकता है.
ऐसी ही बेख्याली में एक दिन उसने एक सुख को अपना लिया. उसने लाख इसरार किया कि आप गलत समझ रहे हैं, मैं सुख नहीं हूं. आपको गलतफहमी हुई है. लड़का हंस दिया. उसे अपने अनुभवों पर गुमान था. जबसे यह सुख उसने चुना, उसकी आंखें नम रहने लगीं. सुख का ऐसा स्वाद...तो उसे कभी नहीं मिला था. अपनी जिद में वो लड़का अब भी उसे सुख कहता है. रोज अपनी आंखों में पहनता है. पनीली आंखें लिए घूमता फिरता है. और वो दुख जो लड़के की गलतफहमी के चलते सुखों के संसार में पहुंच गया था खुद की निरीहता, दरिद्रता को छुपाने के लिए लड़के की आंखों में जा छुपता है. 

लड़के की आंखों से जाने सुख बहता है या दुख पर लड़का उसे अब भी सुख ही कहता है...लड़का अब भी नहीं जान पाया है कि सुख और दुख छलिया होते हैं कभी-कभी भेष बदलकर जीवन में दाखिल हो जाते हैं. इतना तय है लेकिन सुख एक जगह पर टिकते नहीं और दुख कभी दामन छोड़ते नहीं...लड़का अब अपने सुख को आंखों में लिया घूमता फिरता है. वो न आंख से टपकता है, न जज्ब होता है. कुछ दिनों से उसे धुंधला दिखने लगा है शायद...