Wednesday, July 28, 2010

तेरे दिल को ख़बर रहे न रहे

तू मुझे इतने प्यार से मत देख

तेरी पलकों के नर्म साये में

धूप भी चांदनी सी लगती है

और मुझे कितनी दूर जाना है

रेत है गर्म, पाँव के छाले

यूँ दमकते हैं जैसे अंगारे

प्यार की ये नज़र रहे, न रहे

कौन दश्त-ए-वफ़ा में जाता है

तेरे दिल को ख़बर रहे न रहे

तू मुझे इतने प्यार से मत देख

- अली सरदार जाफ़री

Sunday, July 25, 2010

बातें जो जाननी जरूरी हैं...


कार्यस्थल पर यौन उत्पीडऩ को रोकने के लिए जो कानून संसद के मानसून सत्र के लिए प्रस्तावित है उससे जुड़ी हुई जरूरी बातें-

1- अब तक सेक्सुअल हैरेसमेंट्स को जो मामले में शिकायत करने वाली महिलाओं की हिचक काफी आड़े आती थी. अगर वे शिकायत करती थीं तो उन्हें परेशान करने के दूसरे तरीके भी निकाले जाने लगे. मसलन उनका ट्रांसफर किया जाना, लंबी छुट्टी पर भेजा जाना या नौकरी से ही उन्हें निकाल दिया जाना. ये वो भय थे कि आमतौर पर महिलाएं अपने प्रति होने वाले हैरेसमेंट को या तो चुपचाप सहती रहती थीं या फिर जॉब से ही खुद को विड्रॉ कर लेती थीं.

प्रस्तावित कानून में इस बात का पूरा ख्याल रखा जायेगा कि शिकायत करने वाली महिला को ऑफिस में कोई दिक्कत न आये. जांच कमेटी महिला की पहचान को गुप्त रखेगी. उसकी और उसकी नौकरी की सुरक्षा का ख्याल रखेगी.

- यह कानून सरकारी, अद्र्धसरकारी, संगठित क्षेत्र, निजी तथा असंगठित क्षेत्रों पर एक समान रूप से लागू होगा.

- बिल में यह भी प्रस्ताव है कि अगर इंप्लॉयर कार्यस्थल में होने वाले यौन उत्पीडऩ पर कमेटी का गठन नहीं करता, जांच कमेटी की सिफारिशों पर अमल नहीं करता है, या झूठी शिकायत करने वाले दोषी पाए गए कर्मचारी और गवाह के खिलाफ एक्शन नहीं लेता है तो उस पर 50,000 हजार रुपये का जुर्माना हो सकता है.

- अगर यही गलती दूसरी बार संज्ञान में आती है तो जुर्माने की रकम तीन गुनी हो जायेगी. और उस कंपनी या ऑफिस को बंद भी किया जा सकता है. उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है.

- सरकारी तथा संगठित क्षेत्रों में यौन उत्पीडऩ रोकने के लिए कम से कम दो या अधिकतम 10 सदस्यों वाली आंतरिक शिकायत कमेटी का गठन अनिवार्य हो जायेगा.

- इस कमेटी की अध्यक्षता कोई महिला करेगी.

- असंगठित क्षेत्रों जैसे मजदूर या घरेलू नौकरानियों का यौन उत्पीडऩ रोकने की जिम्मेदारी जिला कलेक्टर की होगी. कलेक्टर को मामलों की जांच 90 दिनों में पूरी होनी जरूरी होगी.

- इस मामले के बारे में जानकारी सूचना के अधिकार के तहत भी नहीं ली जा सकेगी.


क्या है यौन उत्पीडऩ

- ऐसा कोई भी व्यवहार जो एक स्त्री को अवांछित हो और उसे शर्मिन्दा महसूस कराये.

- उससे सेक्सुअल डिमांड करना

- अश्लील टिप्पणी करना

-अश्लील फिल्में दिखाना या उन पर बात करना

- जानबूझकर उससे टकराना या उसके शरीर को छूने की कोशिश करना.

- अश्लील बातें करना

अश्लील एसएमएस करना

- काम में रोड़ा अटकाने की धमकी देना

- मौजूदा और भविष्य के जॉब उपलब्धियों को प्रभावित करने की धमकी देना

- अपने बिहेवियर से कार्यस्थल का माहौल असहज और दखलपूर्ण बनाना.

- अपने व्यवहार से कर्मचारी को बीमार व असुरक्षित बना देना.

- दुकान में उपभोक्ता से गलत व्यवहार करना

क्या हैं कार्यस्थल

- एनजीओ

- हॉस्पिटल्स

- कोचिंग

- कोरियर सेवा

- घरेलू नौकर

- दर्जी, ब्यूटी पार्लर

- स्कूल, कॉलेजेस

- रिसर्च इंस्टीट्यूट्स

- भवन या सड़क निर्माण

- बेकरी, हैंडलूम, कपड़ा प्रिंटिंग

- कृषि, ईंट भट्टा

- पंडा और टेंट कार्य

- शादियां, अचार, पापड़ बनाना, माचिस निर्माण

- मछली व्यवसाय

- डेयरी

- फ्लॉरीकल्चर, गार्डनिंग

- शहद एकत्रीकरण

- अगरबत्ती, बीड़ी, सिगार, मसाला और बिंदी निर्माण

- अखबार की बिक्री, पान की बिक्री

- सुनार की दुकान, हैंडीक्राफ्ट आइटम

- केबल टीवी नेटवर्क, वीडियो फोटोग्राफी

- बैण्ड कंपनी

- होटल उद्योग- रेस्त्रां, ढाबा, क्लब, कैटरिंग

(इस कानून के मिसयूज को रोकने के लिए अलग प्राविधान शामिल करने और अगर सेक्सुअल हैरेसमेंट किसी पुरुष के साथ होता है तो उसके लिए भी कुछ प्राविधान जोडऩे की बात भी उठायी जा रही है.)

Tuesday, July 13, 2010

बंद कीजिये हाय हाय !

एक बार फिर संस्कृतियों के पहरेदारों की नींद में खलल पड़ गया है. महिलाओं के लिए एक और कानून जो बनने जा रहा है. ये कानून होगा वर्कप्लेस पर होने वाले सेक्सुअल हैरेसमेंट्स को रोकने का. वर्कप्लेस पर होने वाले सेक्सुअल हैरेसमेंट की बारीकियों को समझते हुए आने वाले मानसून सत्र में इसे कानून बनाने की योजना है. यह पूरी तरह सच है कि बदले हुए माहौल में ज्यादा महिलाएं, हर तरह के काम की ओर बढ़ रही हैं. ऐसे में वे यौन हिंसा की शिकार भी ज्यादा हो रही हैं. 
1997 में दिये गये विशाखा बनाम स्टेट ऑफ जजमेंट में सुप्रीम कोर्ट ने कार्यस्थल में महिलाओं के प्रति होने वाली यौन हिंसा को लेकर जो दिशा-निर्देश दिए थे, वो शायद अब काफी नहीं रहे. आज इतने बरस बाद अगर मुड़कर देखें तो हालात बहुत बदल गये हैं. इन बदलावों में महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा के तमाम नये-नये रूप सामने आ रहे हैं. कार्यस्थलों पर होने वाले यौन उत्पीडऩ के मामले में अगर सरकारी आंकड़ों पर ही न$जर डालें तो 2006 से 2008 के बीच दो लाख से ज्यादा महिलाएं यौन हिंसा का शिकार हुई हैं. ये सरकारी आंकड़े हैं. हम सब जानते हैं कि असल संख्या इससे कई गुना ज्यादा है क्योंकि ऐसे मामलों में मुखर होने वालों की, मोर्चा लेने वालों की, और मामलों को दर्ज कराने वालों की हिचक अब तक टूटी नहीं है. 
खैर, हम बात कर रहे थे संस्कृति के पहरेदारों की. उन्हें डर है कि महिलाओं के हाथ में फिर एक बार एक और कानून पकड़ा दिया जायेगा जिसका वे फिर मिसयूज करेंगी. समाज के लिए यह आदर्श स्थिति नहीं है. यकीनन ये आदर्श स्थिति नहीं है. हां, वे चुपचाप हर तरह की हिंसा को सहती रहें ये आदर्श स्थिति है. इतने बरसों से तो हम एक आदर्श समाज में जी ही रहे हैं. आदर्श समाज, आदर्श परिवार, आदर्श रिश्ते. हमें अपने सामाजिक ढांचे पर गर्व है. तो अब ये क्या होने लगा कि ये आदर्श ढांचा भरभराने लगा. एक के बाद एक महिलाओं के लिए कानून बनाकर उनका दिमाग खराब कर दिया गया है. बताइये, कोई बात है कि दहेज के नाम पर पूरे के पूरे परिवार सजायाफ्ता हो जाते हैं. बताइये, कि उनकी एक एप्लीकेशन पर किसी की नौकरी पर बन आयेगी. ये भी कोई बात हुई? इन कानूनों ने उन्हें जगाना शुरू कर दिया है. जाहिर है समाज के पहरेदारों की नींद तो हराम होनी ही हुई. इस देश में जहां, हर कदम पर, हर जगह, हर चीज का मिसयूज हो रहा है. टाडा जैसे कानूनों तक का मिसयूज हो गया. पॉलीटीशियन इतने सालों से कर ही क्या रहे हैं, सिवाय सत्ता सुख लेने के और अपने अधिकारों का मिसयूज करने के. ऐसे में सारी चिंताएं महिलाओं के कानूनों के दुरुपयोग को लेकर ही क्यों उभरती हैं ये सोचकर अब हैरत नहीं होती.
हां, मानती हूं कि मिसयूज नहीं होना चाहिए. किसी भी कानून का नहीं होना चाहिए. लेकिन सच यह भी है कि कुछ मामलों में हुए मिसयूज के चलते हम कानून की जरूरत पर सवाल तो नहीं उठा सकते. मिसयूज रोकने के तरीकों पर बात करना वाजिब है. ऐसे मामलों को इंडीविजुली ऑब्जर्व किये जाने की और उन पर कार्रवाई किये जाने की भी जरूरत से इनकार नहीं लेकिन चंद ऐसे उदाहरणों के चलते कानून के अस्तित्व पर ही सवाल उठाना कहां का न्याय है. यूं भी कानून का लाभ उठाना चॉकलेट का रैपर खोलकर खाने जैसा आनन्ददायक तो नहीं होता है. बेहद कड़वे अनुभवों से गुजरने के बाद ही इंसान कानून की तरफ हाथ बढ़ाता है, उसमें भी हाय-तोबा. इसका तो एक ही इलाज है, आप बनाइये न सचमुच ऐसा आदर्श समाज, जहां कभी किसी महिला को किसी कानून का सहारा लेने की जरूरत ही न पड़े. बराबरी की बुनियाद पर खड़ा सह अस्तित्व का समाज. जहां रिजर्वेशन बिल भी बेमानी हो जाये, और ढेर सारे महिला कानून भी. जब तक ऐसा समाज नहीं बनता तब तक हाय-हाय तो बंद कीजिये...सोचिए कि कानून का जन्म अपराध की कोख से ही होता है हमेशा.
 

Wednesday, June 30, 2010

अमलतास होती लड़की की कथा


अरे..अरे..अरे...इतनी तेज सीढिय़ां मत चढ़ो, गिर जाओगी.रुक जाओ...रुक जाओ...अरे रुको भी.

लड़का पीछे से चिल्लाता रहा. लेकिन लड़की के कान आज मानो सुनने के लिए थे ही नहीं. सिर्फ बालियां पहनने के लिए थे. गोल-गोल प्यारी सी बालियां. जिनमें एक छोटा सा लाल रंग का मोती भी लगा हुआ था. सुंदर सा, लटकता हुआ. जितनी तेज लड़की चलती, दौड़ती या मुड़ती वो नन्हा सा लाल मोती मानो नृत्य करने लगता. मगन हो जाता. लड़की इस सबसे बेफिकर.

अरे, सुनो तो. लड़का फिर चिल्लाया. लड़की बस ठिठकी जरा सी. पलटकर देखा उसने और मुस्कुरा दी. फिर चल पड़ी आगे को. लड़का झुंझला गया. लड़की झट से पहुंच गई छत पर और दूर लगे अमलतास की कुछ डालियां जो छत पर झुक आई थीं उनके फूलों को तोडऩे की कोशिश करने लगी. लड़का उसके साये का पीछा करते-करते वहां आया. वो गुस्से में था.

ये फूल कहीं भागे जा रहे थे क्या? जरा धीरे नहीं चला जाता तुमसे? गिर जातीं तो?
लड़की हंसी. नहीं, धीरे नहीं चला जाता मुझसे. बहुत तेज चलना चाहती हूं. इतनी तेज, इतनी तेज, इतनी तेज कि लोगों को लगे कि मैं उड़ रही हूं. काश! मेरे पांव पंख बन जाते.
लड़के ने उसकी आंखों में आकाश उतरते देखा. वो आकाश जिसमें वो उड़ रही है.
अच्छा छोड़ो ये सब. मेरी मदद करो फूल तोडऩे में. लड़के ने कोशिश की. हाथ बढ़ाये...डाल ऊपर थी काफी. उसने एक छोटी सी कूद भी लगाई लेकिन नहीं पहुंच पाया.

अरे यार, नहीं पहुंच पा रहा हूं. लड़का झुंझलाया. लड़की दूर बैठकर लड़के को देख रही थी.
कोशिश करो. को.....शि....श. लड़की ने मुस्कुराते हुए कहा.
लड़का फिर कोशिश में जुट गया. बहुत कोशिश की लेकिन नहीं पहुंच पाया.

मैं वादा करता हूं, कल ढेर सारे फूल ला दूंगा. इससे अच्छे फूल. गुलाब, जलवेरा... अभी रहने देते हैं. नहीं पहुंच पा रहा हूं. सच्ची. लड़का हताश हो रहा था.
अच्छा रहने दो. लड़की ने शांत स्वर में कहा. लड़का खुश हो गया.
यहां आओ, लड़की ने बुलाया.
तुम यहां बैठो आराम से. अब मुझे देखना.

वो झट से बाउंड्री पर चढ़ गयी. बाउंड्री पर संभल-संभलकर चलते हुए वो किनारे पहुंची. वहां से उसने एक बड़ी से डंडी में फंसाकर अमलतास की पूरी बड़ी सी डाल नीचे झुका ली. हाथ में डाल पकड़े-पकड़े हुए ही वह नीचे कूद गई. लड़की की आंखों में न जाने कितने जुगनुओं की चमक थी और उसके शरीर में बिजली सी फुर्ती भी थी. लड़का हैरान.
तुम क्या हो?
लड़के ने हैरत से कहा. तुम्हें डर नहीं लगता. गिर जातीं तो?
तीसरे माले की बाउंड्री से लपक कर अमलतास तोड़ने वाली तुम अकेली ही होगी. लड़के ने झुंझलाते हुए कहा.
हां, हूं तो मैं अकेली ही. अब यहां आओ.
लड़की ने लड़के को डाल पकड़ा दी. और खुद चुन-चुनकर फूल तोडऩे लगी. देखो, ज्यादा मत झुकाना. डाल टूटनी नहीं चाहिए. लड़की ने ताकीद की.

उसने कई सारे गुच्छे डाल से उतार लिए. अब छोड़ दो. उसने लड़के को आदेश दिया और उन गुच्छों को संभालने लगा. अचानक उसे कुछ याद आया. अरे, रुको-रुको. मैं छोड़ूंगी डाल. उसने लड़के के हाथ से डाल ले ली और बेहद इत्मीनान से धीरे-धीरे डाल को छोड़ दिया. जब डाल ऊपर गयी तो ढेर सारे फूल झड़े और लड़की फूलों से नहा गयी. लड़का मुग्ध होकर उसे देखता रहा.
देखा...ये सुख बाजार से खरीदे हजारों रुपये के फूलों में भी क्या मिलता भला? लड़की ने फूलों के बीचोबीच खड़े होकर कहा.
नहीं...लड़का अब भी उसे मंत्रमुग्ध होकर देख रहा था.

लड़की के दुपट्टे में सिमटे हुए फूल अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे थे. अब लड़की इत्मीनान से बैठ गई. अमलतास की एक डाल को उसने अपने जूड़े में लगा लिया. दूसरी डाल को मोड़कर उसने कंगन बनाया. दाहिने हाथ, फिर बायें हाथ में. फिर बड़ा कंगन गुलबंद बना. अब हार की बारी थी. छोटा हार, फिर बड़ा हार. करधनी, पायल एक-एक कर पूरा श्रृंगार होने लगा. कुछ ही पलों में लड़की अमलतास का पेड़ बन गई. वो धीरे-धीरे उठी. गोल गोल घूमने लगी. कथक की मुद्रायें हौले-हौले आकार लेने लगीं. अप्रतिम नज़ारा लड़के की आंखों के सामने था. वो लड़की नृत्य कर रही थी या अमलतास का पेड़? लग रहा था अमलतास के पेड़ ने लड़की की देह में जन्म लिया था.
अगर तुम न होते तो मैं इतनी खुश कभी न होती...लड़की भाव-विभोर होने लगी. उसकी आंखें भर आयीं. उसने लड़के के कंधे पर सर टिकाकर कहा, मेरे जीवन के सारे सुख तुमसे हैं, सिर्फ तुमसे. लड़की की आवाज गीली होने लगी थी. ये लड़कियां जब खुश होती हैं तो रोने क्यों लगती हैं लड़के ने मन ही मन सोचा लेकिन खामोश रहा. वो अपने कंधे पर अमलतास को महसूस कर रहा था.

मेरा जीवन एक उजाड़ बियाबान ही तो था. तुमने ही तो इसे नया रंग-रूप दिया. लड़की फफक पड़ी. लड़का शांत रहा. वो अब जान चुका था कि लड़की जब भी, जो भी करती है बहुत करती है. अब उसे खुलकर रो लेने देना ही बेहतर है. उसने उसे चुप कराने की कोशिश नहीं की.

शाम ने दिन से हाथ छुड़ा लिया था. रात उन दोनों के सर पर मंडरा रही थी. लड़की रोये जा रही थी. तुम्हें याद है, जब तुम आये थे मिलने पहली बार. कितनी नर्वस थी मैं. इतनी कि वो सब कहा जो कहना नहीं चाहती थी. वो सब किया जो करना नहीं चाहती थी. कितनी नर्वस थी मैं. होता कोई और तो न जाने क्या का क्या समझ लेता. मैं मूढ़मति जाने किस दुनिया में थी. तुम गये तो होश आया. होश आया तो लगा कि तुम नहीं गये चले गये सुख भी सारे. लड़की की आंखों में अतीत तैर रहा था. उसने अतीत को खींचकर वर्तमान में मिला लिया था.

उसकी आंखों में छलके आंसुओं को भी मानो उसके अतीत को जानने की इच्छा जाग उठी थी. वे टुकुर-टुकुर लड़की का मुंह देख रहे थे. लेकिन तुमने ऐसा कुछ भी नहीं किया. तुममें....हां सिर्फ तुममें ही तो थी ये ताकत कि जो कहा जा रहा है, उसे न समझे बल्कि जो कहने की इच्छा है उसे समझ ले. मेरे शब्दों में कहां उलझे थे तुम. अपने होने का अहसास कभी भी तुमने कम नहीं होने दिया. कभी भी नहीं.
कैसे किया तुमने ऐसा...?
लड़की अचानक प्रश्न बन गई. लड़का इसके लिए तैयार नहीं था.
जानती हूं तुमने जानकर कुछ नहीं किया. तुम हो ही ऐसे. प्यारे से. है ना? लड़की ने पलकें झपकायीं. लड़के को लगा उसके बारे में नहीं किसी और के बारे में बात हो रही है.

यार, तुम लड़कियों की एक आदत बहुत खराब होती है. जिसे चाहती हो उसे देवता बनाकर रख देती हो. ऐसा तो कुछ नहीं किया मैंने.
हां, ठीक कह रहे हो तुम. हम लड़कियां ऐसी ही होती हैं. जिसे प्यार करती हैं उसे जी-जान से प्यार करती हैं. और जो कोई हमारी भावनाओं को वैसा का वैसा समझ ले तो कहना ही क्या. उसे तो प्यार का देवता ही बना देते हैं. अब ये हमारी गलती है, तो है. लड़की ने मुस्कुराकर अपने कान पकड़ लिये. लड़के की आंखें भर आयीं. तुम ऐसा मत किया करो. मुझे अच्छा नहीं लगता. कभी-कभी डर लगता है. लगता है कि तुम मुझे कुछ ज्यादा ही अच्छा समझ रही हो.

ऐसा नहीं है. लड़की ने आत्मविश्वास से कहा. ऐसा बिल्कुल नहीं है. तुम अच्छे हो इसलिए हम तुम्हें प्यार करते हैं ये तुमसे किसने कहा. तुम सच्चे हो इसलिए हम तुमसे प्यार करते हैं. प्यार के लिए किसी का बहुत अच्छा होना जरूरी नहीं होता, जरूरी होता है जो जैसा है उसे उसके स्वाभाविक रूप में पसंद करना. जैसा तुमने मुझे किया. वरना क्या था मुझमें?
लड़की के चेहरे के भाव बदलने लगे. ऐसा नहीं है. क्या नहीं है तुममें. जो तुम्हें प्यार न करेगा वो निरा मूढ़ होगा. ऐसा नहीं है...लड़की की आंखें छलक उठीं.

मुझे कोई प्यार नहीं करता. कोई भी नहीं. कहते सब हैं कि वो मुझे प्यार करते हैं लेकिन मैं जानती हूं कि मुझे कोई प्यार नहीं करता. तुम करते हो. वर्ना मेरी तमाम बेवकूफियों के बावजूद तुम भला क्यों प्यार करते मुझे. और तुम कोई सवाल भी नहीं करते मुझसे. विश्वास करते हो. कोई पुरुष स्त्री पर इतना विश्वास करे कि कभी कुछ पूछताछ ही न करे, उसकी हर बेवकूफी का कारण खुद ही समझ ले और उन बेवकूफियों को भी प्यार करे, ये आसान नहीं. तुम खास हो. बहुत खास. लड़की ने आंखें मूंद लीं. वो लड़के की उपस्थिति को अपने भीतर महसूस करने लगी. बेहद करीब.

प्यार की उस रात में हजारों तारे खिलने लगे आसमान पर. हवाओं में संगीत गूंजने लगा. लड़की की मुस्कुराहट पूरी फिजां में तैरने लगी. दुनिया भर का दुख, पीड़ा, संत्रास उसकी मुस्कुराहट में पनाह लेने लगे. धीरे-धीरे लड़की ने आंखें खोलीं...वहां कोई नहीं था... दूर-दूर तक कोई नहीं...

Thursday, June 24, 2010

ये ज़िन्दगी उसी की है, जो किसी का हो गया...



आओ तुम्हें आज तुम्हारी पसंद का गाना सुनाती हूं...मैंने मुस्कुरा कर जब मां से कहा तो वो चौंक गईं. मेरी पसंद?
उनका वो अचकचाया चेहरा देखकर मन भीतर तक कचोट गया. उन्हें यह बात इतनी अजीब क्यों लगी कि उनकी पसंद भी कुछ हो सकती है. हमारा परिवार ठीकठाक आधुनिक विचारों का ठीहा है. कहीं किसी पर कोई जोर-जबर नहीं. मां भी पढ़ी-लिखी नौकरीपेशा हैं. विदेश यात्राएं भी कर चुकी हैं लेकिन सोचती हूं तो सचमुच सब कुछ उनके जीवन में बस वैसे आया, जैसा बाकियों ने निर्धारित किया. यह हिंदुस्तानी स्त्रियों की नियति है. खाने से लेकर पहनने तक दूसरों की पसंद को अपनाने में ही उन्हें सुख मिलता है. इस सुख में वे खुद को खोती जाती हैं अपनी पसंद भी, नापसंद भी.उन्हें इस नियति से भी तो मुक्त होना है.

आज मां की पसंद का ये गाना यहां लगा रही हूं. ये गाना जब मैं छ: बरस की थी, तब वे हारमोनियम पर बजाती थींं. साथ में गाती भी थीं. जब भी ये गाना सुनती हूं, वक्त के उसी हिस्से में पहुंच जाती हूं जहां मां गाने में डूबी हुई हैं. एक कमरे का वो छोटा सा साधनहीन लेकिन प्यारा सा घर. इस गाने को यहां देते हुए मन कुछ गीला सा है कि हमारे होते हुए भी मां को यह क्यों कहना पड़ा कि मेरी पसंद?
फिलहाल उनकी पसंद का ये गाना...
(ये तुम्हारे लिए माँ !)