Thursday, March 4, 2010

बेवजह का लिखना-2


अपनी मर्जी से कहां सफर में हम हैं...

अपनी मर्जी का अर्थ क्या होता है? यही ना कि जो खुद करने का जी चाहे. लेकिन यह चाहना कैसा हो...क्या हो...अगर यह विचार जन्म लेने से पहले ही हाईजैक कर लिया जाये तब? क्या होगा तब? कितनी अपनी रह जायेगी वो मर्जी जो अपनी है. कई बार अपनी ही मर्जी का सलीब ढोते-ढोते दुखने वाले कंधों को दर्द भी महसूस किया है. अपनी मर्जी कितनी बार चाबुक बनकर बरसती हुई भी मालूम पड़ी है. अपनी ही मर्जी से देश की न जाने कितनी औरतें सती होती रही थीं. अपनी मर्जी से न जाने कितनी बालिका वधुएं अपने से दोगुने उम्र के दूल्हे के संग ब्याह दी जाती हैं.

अपनी मर्जी से न जाने कितनी माएं अपने ही गर्भ में अपनी बच्चियों का कत्ल कर देती हैं खुशी-खुशी. अपनी ही मर्जी से आज भी कई घरों में पत्नियां आधे पेट खाकर ही सो जाती हैं और ज्यादातर महिलाएं एनीमिया की शिकार होकर मर जाती हैं. ये सब कुछ औरतें अपनी मर्जी से करती हैं. उन पर कभी कोई दबाव नहीं होता. किसी भी तरह का. पिता की भीगी निगाहों और जर्जर आर्थिक स्थिति को देखकर चुपचाप उनके द्वारा चुने गए रिश्तों को स्वीकार करने वाली इन अपनी मर्जियों की भरमार किसी से छुपी भी नहीं है. मैं सचमुच इस अपनी मर्जी के भेद को खोलना चाहती हूं. देखना चाहती हूं कि इन अपनी मर्जियों के उस पार भी क्या कोई मर्जी है? जब से होश संभालो सही और गलत को जिस तरह चीख-चीखकर कानों में उड़ेला जाता है कि कोई भी लड़की कानों में जबरन ठूंसे जा रहे सही को ही अपनी मर्जी मान बैठती है. गलत के हश्र, अंजाम इस कदर खौफनाक होते हैं कि अपनी मर्जी की तकदीर और तदबीर वहीं गढ़ दी जाती है. उस मर्जी की हद, मियाद, दिशा सब पहले से तय है. सिर्फ चेहरे और नाम बदलकर सिर हां में हिलने भर की देर है. तभी तो कितनी आसानी से हमेशा बड़े से बड़े स्त्री विरोधी अपराध स्त्रियों के मत्थे ही मढ़ दिए गए. दहेज हत्या, सास या ननद के मत्थे, बच्चियों का न पढऩा लिखना, मां के मत्थे, बच्चियों की भ्रूण हत्या मां और दादी के मत्थे. पुरुष शातिर निगाहों से देखता रहता है दूर खड़ा होकर कि कहीं औरतों की ये अपनी मर्जी उनकी सचमुच की अपनी मर्जी न बन जाए...जैसे ही ऐसा कुछ होता न$जर आया गर्दन कलम. किसी एक गांव की कहानी में न जाने कितनी ही ऐसी अपनी मर्जियों की भ्रूण हत्याएं हो रही हैं. हद तो यह है कि जिनके अस्तित्व की हत्या हो रही है, उन्हें खुद भी इसका अहसास नहीं. उन्हें पता ही नहीं कि उनके हिस्से के सुख कौन से हो सकते हैं. कि उनका जीवन जो वे जी रही हैं उसके आगे भी है, हो सकता है.

इन अपनी मर्जियों की बाड़ इतनी सख्त है कि अगर कोई लड़की इसके पार जाने की, झांकने की कोशिश भी करे तो उसके नतीजे अखबारों में पढऩे को मिलते ही रहते हैं. वुमन रिजर्वेशन बिल के पास होने की खुशी मनाई जाए या दुख मनाया जाए कि एक और मौका दूसरों के हाथ का मोहरा बनने का. अपनी मर्जी का ये सफर राजनीति तक सेंध लगा चुका है. किसे इलेक्शन लडऩा है, किसकी बहू कितना वोट बटोरेगी...उसकी ना-नुकुर का परसेंटेज कितना हो सकता है आदि का कैलकुलेशन शुरू हो गया है. शहर की चमचमाती सड़कों पर फर्राटे से गाडिय़ां दौड़ाती, अंग्रेजी में बोलती और महत्वपूर्ण फैसले लेती महिलाएं सचमुच लुभाती हैं. उनके फैसले कई बार परिवार, समाज, नीति-नियम को पार भी कर जाते हैं लेकिन वो होती है उनकी अपनी मर्जी जिसकी जिम्मेदारी वो खुद उठाती हैं.

बदलती हुई तस्वीर को मुकम्मल होने में अभी बड़ा समय बाकी है. क्योंकि चमचमाती सड़कों पर दौडऩे वाली विश्वास से भरी इन लड़कियों की संख्या के आगे दूसरों की मर्जी को अपनी मर्जी मानकर जीने वालों की संख्या कई गुना ज्यादा है. इंत$जार है उस सुबह का जब सफर भी हमारा होगा, पंख भी हमारे, उड़ान भरने की दिशा भी हम ही तय करें और कितनी उड़ान भरनी है यह भी हमारा फैसला हो.
जारी....

Wednesday, March 3, 2010

बेवजह का लिखना


यूं मैं बिना मन के कभी नहीं लिखती. नौकरी की जरूरतों के अलावा. अब तक इक्का-दुक्का मौकों पर ही ऐसा बेमन का लिखा है जैसा आज लिखने बैठी हूं. कुछ-कुछ पीछा छुड़ाने की गरज से. क्योंकि बचपन में किसी से सुन लिया था कि जो चीज ज्यादा परेशान करे उसे कागज की पुर्ची पर लिखकर तकिया के नीचे रखकर सो जाओ. सुबह उठकर उसे चिंदी-चिंदी कर के फेंक दो. यह तरकीब कई बार बड़ी काम आई. किसी को पता नहीं लेकिन कई बार पर्चियों में न जाने क्या-क्या लिखकर बहा दिया, जला दिया और मन को दुविधाओं से कुछ राहत मिली.

बहरहाल, आज लिखने का मन न होने का कारण जरा खास है. हालांकि नया नहीं. होली मनाने के लिए गांव जाना होता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक छोटा सा गांव, जिसकी अपने नाम से कोई खास पहचान नहीं. अक्सर जाना होता है वहां और ज्यादातर मन उदास होता ही है. कोई न कोई कड़वा कारण मौजूद होता है दिल दुखाने के लिए. इस बार करीब साल भर बाद जाना हुआ. एक नजर में गांव में काफी बदलाव हो गए थे. कई घरों में गाडिय़ां आ चुकी हैं. सड़कों की स्थिति भी थोड़ी सुधरी हुई मिली. हर किसी के पास एक नहीं दो-दो मोबाइल. छप्परों तक पर डिश एंटीना लटका न$जर आया. जाहिर है टीवी और सनीमा के जादू का असर साफ था. मुंबईया सपनों ने गांवों में सिर्फ दस्तक नहीं दी है, उन्होंने वहां कब्जा करना भी शुरू कर दिया है. लेकिन अफसोस सिर्फ सपने ही यहां पहुंच सके हैं. समझदारी नहीं. ये कहने का यह अर्थ नहीं कि गांवों के लोगों में समझदारी नहीं होती लेकिन समय के हिसाब से आये बदलाव जेहन पर भी तो दिखने चाहिए. इसकी न किसी को जरूरत है और न ही कोई उन्हें इस बात का इल्म कराने की जुर्रत कर सकता है. पूरे गांव में शायद ही कोई लड़की हाईस्कूल से ज्यादा पढ़ पाती हो. हालात ऐसे कि लड़कियां खुद पढऩा नहीं चाहतीं. कहीं कोई आनन्दी नहीं, कोई टीचर जी नहीं. सीरियल में दिखाये जाने वाले अम्मा जी और दादी सा के जुल्म या उनकी पैंतरेबाजियां देखने में सबको आनन्द आता है.

बेटों की चाह में सास, बहू, बेटी एक साथ गर्भवती हो रही हैं. एक के बाद एक बेटियों की कतार है. बस एक बेटे की चाह में. जो ज्यादा मॉडर्न हुआ तो अल्ट्रासाउंड देवता की जय हो गई और बेटी का गर्भ में ही राम नाम सत्य. फिर बेटे की आस. ऊपर से आदर्श टाइप दिखने वाले एक बेटे एक बेटी वाले परिवार की नींव में न जाने कितने कन्या भ्रूण दफन पड़े हैं. गांव के पढ़े-लिखे लड़के जाहिर है गांव से दूर जाकर रह रहे हैं. कभी-कभार आकर, इन लोगों से पंगा लेकर कोई अपनी छुट्टियां खराब नहीं करना चाहता. औरतों की मर्जी का तो ये हाल है कि वे अपनी ही मर्जी से अपने पति को दूसरी शादी करने को राजी हैं क्योंकि वे बेटा नहीं पैदा कर पा रही हैं. अपनी ही मर्जी से आठ-दस बच्चियों तक कोशिश करती रहती हैं कि शायद खानदान का वारिस मिल जाये. अब नहीं मिल रहा तो पति का क्या दोष सो उन्हें दूसरी शादी का पूरा हक है. ऐसा औरतें अपनी मर्जी से कहती हैं. ध्यान रहे उनकी अपनी मर्जी. स्त्री-पुरुष, बुजुर्ग जवान सब मिलकर जाहिलियत के कुएं खोदने में लगे हैं जिसमें स्त्रियां अपनी मर्जी से खुद कूद रही हैं.

अचानक सब बेवजह लगने लगता है. लिखना-पढऩा, कहना-सुनना कुछ भी तो सार्थक नहीं. हम चंद अल्फाजों में खुद को उलझाकर कैसे संतुष्ट हो सकते हैं. अखबार, पत्रिकाएं, चैनल, फिल्में कुछ भी जाहिलियत के इस ताने-बाने को नहीं तोड़ पा रहा. कुछ भी नहीं. किसी अखबार का कोई लेख, लेखों का संकलन, कहानी, कविता, उपन्यास सब कुछ खारिज हो जाता है इन जमीनों पर जाकर. एक बूंद भी नहीं बचता. कोई पलटना भी नहीं चाहता ऐसे कागज.
ये इक्कीसवीं सदी है. हम महिलाओं की आजादी की बात करते हैं. मुझे नहीं लगता कि ये सिर्फ किसी एक गांव की बात है...लेकिन फिलहाल मन बहुत उदास है. कितने मुगालतों में जी रहे हैं हम.
सब बेवजह...
जारी...

Saturday, February 27, 2010

फूले ढेर पलाश तो लगा होली है


फूले ढेर पलाश तो लगा होली है
मचने लगा धमाल तो लगा होली है,
गोरी हुई उदास तो लगा होली है
पलकों पे सजी आस तो लगा होली है...

Thursday, February 25, 2010

ये क्या गड़बड़झाला है...


ज्योति नंदा
'माय नेम इज खान' के रिलीज़ के एक हफ्ते बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया स्वरुप एक अखबार में ३ स्टार दिए गए, जबकि पूरे मीडिया फिल्म आलोचकों ने इसे 5 या 4 स्टार से अलंकृत किया था. एक आम दर्शक की भाँति ही मुझे भी समझ में नहीं आया कि ऐसा इस फिल्म में क्या नवीन और अद्भुत है,जो अब से पहले कभी नहीं कहा और दिखाया गया. यदि इस फिल्म से अमेरिकी परिवेश और नज़रिया हटा दिया जाय तो यह एक औसत दर्जे की फिल्म है.

आम आदमी द्वारा आतंकवाद की पीड़ा को भोगे जाने पर हिंदी सिनेमा में ढेरों कहानियां बनायीं हैं,जो माय नेम इज खान से कहीं बेहतर और सशक्त हैं. अच्छा इन्सान बुरा इन्सान, बुरे पर अच्छे की जीत, नेकी बदी हमारी संस्कृति में यह बातें मिटटी की खुशबू की तरह घुली हुई हैं. 1947 से हम यही कहते चले आ रहे हैं.ज्यादा पीछे जाने की जरुरत नहीं है. पिछले साल आई अ वेडनेसडे कहीं ज्यादा सशक्त फिल्म है, जो बयां करती है हर उस इन्सान के दर्द को जो किसी भी मज़हब का है और बन रहा है शिकार कुछ बुरे लोगो के वहशीपन का.

नंदिता दास के निर्देशन में बनी फिल्म फिराक इस लिहाज़ से बेहतरीन फिल्म है, जो डील करती है गुजरात में हुए दंगो के बाद के बदले हुए सामजिक ताने-बाने से.इसमें एक माँ है, जो सबकी नज़र से बचा कर दंगों में अनाथ हुए मुस्लिम बच्चे को अपने घर में पनाह देती है. मध्यम वर्गीय दंपत्ति हैं-बिलकुल रिजवान खान और मंदिरा की तरह जो कभी अपनी पहचान छुपाते नज़र आते है तो कभी हालात से लड़ने की हिम्मत जुटाते हुए दिखते हैं.

रिजवान खान कहता है कि सिर्फ उसके नाम की वजह से उससे नफरत मत करो.यह सन्देश अमेरिका के लिए ही हो सकता है.जो 9/11 के बाद इतनी नफरत उगल रहा है कि पूरी दुनिया इसमें जल रही है. हमारे लिए मुसलमानों से नफरत कर पाना इतना आसान और सीधा नहीं है.हम शताब्दियों से मिलजुल कर रहे हैं. आज भी दिवाली और ईद एक ही महीने में मानते है. 1992 के मुंबई धमाके से दहल गयी दुनिया लेकिन तारीख नहीं बदली. तारीख तब इतिहास बनी जब अमेरिका ने आतंकवाद का स्वाद चखा.अमेरिका के नजरिये से आहत खान सच्चाई का रास्ता नहीं छोड़ता. तूफ़ान में फंसे अमेरिकियों की मदद करने पहुँच जाता है.भारत में जब जब साम्प्रदायिकता की आग भड़की है, तब तब मानवीय संवेदनाओं को जगाने और झकझोरने वाले कितने उदाहरण मिलते हैं, जो कितनी भी नफरत हो अच्छे का साथ नहीं छोड़ते. हम ऐसे किस्सों से रोज़ दो चार होते है.खान कुछ भी अनूठा नहीं करता. कहने का अर्थ यह नहीं कि उसे ऐसा नहीं करना चाहिए. किसी फिल्म में ऐसे मोड़ परिस्थितियां पहली बार नहीं है.यह एक घिसीपिटी सिचुएशन है.

किसी एक का नजरिया पूरी दुनिया की सोच कैसे बन सकती है.उसे अन्तरराष्ट्रीय नजरिया और फिल्म भी करार दिया गया है.अन्तरराष्ट्रीय होने का पैमाना यही रह गया है.अमेरिका में जाकर फिल्म बनाएं, उनके राष्ट्रपति की तारीफ़ कीजिये.जबकि सही मायनों में 9/11 के बाद कोई फिल्म इस्लाम को सही ढंग से समझने की कोशिश करती है तो वह है पाकिस्तानी फिल्म खुदा के लिए.खान अपने धर्म को गलत अर्थो में समझने पर एक दृश्य में बयां करता है.खुदा के लिए न सिर्फ अमेरिकी ज्यादतियों को दर्शाती है बल्कि पढ़े लिख मुस्लिम नौजवानों को किस तरह बहकाया जाता है, इस पर भी रौशनी डालती है.खान की भाभी अपमानित होने पर कहती है कि हिजाब उसका वजूद है. इस संवाद का क्या मतलब है. इस्लाम में हिजाब ही औरत का वजूद है. जबकि खुदा के लिए की नायिका अपने हक के लिए पूरे कट्टरपंथी समाज से लड़ जाती है.कानूनी लड़ाई में हदीस की आयतों का एक ज़हीन मौलाना द्वारा सही इन्टरपिटेशन कर झूठे बदनियतों को मुंहतोड़ जवाब देती है.

माय नेम इज खान देखने के बाद ज़हन में रह जाता है एक माँ का दर्द और औटिस्टिक खान की मासूमियत.जो अपनी इमानदारी से कभी हंसाता है रुलाता और अचंभित भी करता है,जो खुद इन सारे भावों को व्यक्त नहीं कर पाता.और यही रोमांटिसिज्म शायद शाहरुख़ खान के फैन को भाता है. लेकिन इस बार मीडिया भी शाहरुख़ के मोहपाश में बंधा नज़र आता है.

Monday, February 22, 2010

दर्द का साहिल कोई नहीं

हर मंज़िल इक मंज़िल है नयी और आख़िरी मंज़िल कोई नहीं
इक सैले-रवाने-दर्दे-हयात और दर्द का साहिल कोई नहीं

हर गाम पे ख़ूँ के तूफ़ाँ हैं, हर मोड़ पे बिस्मिल रक़्साँ हैं
हर लहज़ा है क़त्ले-आम मगर कहते हैं कि क़ातिल कोई नहीं

- अली सरदार जाफरी