Saturday, February 13, 2010

इन फेवर ऑफ लव


- प्रवीण शेखर
मैं तुम्हें प्रेम करना चाहता था/ जिस तरह से तुम्हें किसी ने नहीं चाहा/ तुम्हारे भाई, पिता, मां और तुम्हारे चारों तरफ के वे तमाम लोग/ जिस तरह से तुम्हें नहीं चाह सके/ मैंने चाहा था तुम्हें उस तरफ से चाहना/ चांद-सितारों की तिरक्षी पड़ती रोशनी में/ दिप-दिप हुआ तुम्हारा चेहरा/ बहुत करीब से देखना.

जिस्म और रूह को भिगो देने वाली मुहब्बत की बारिश को सुखा देती है गर्म हवा. ऐसी हवाओं के बीच प्रेम करने की चाह और चाह को प्रेम में तब्दील करना घटना ही तो है, क्योंकि प्रेम को बाहर की नर्माहटें पालती हैं, यह रेशम के झूले पर एक जोड़ा हंसी बनकर निखरता है. प्रेम रंगों में देखना, खूशबू से सोचना, सुरों में महसूसना सिखाता है.
जब प्रेम को सबसे सॉफ्ट टार्गेट मानकर घायल किया जा रहा हो, जब संस्कृति के सिपाही प्रेम को क्राइम एण्ड पनिशमेंट की बेडिय़ों में जकड़ रहे हैं, जब प्रेम समाज विरोधी कृत्य बनाया जा रहा हो, जब हर कोई क्लाउडियस बनने पर आमादा हो, तो कितना जरूरी हो जाता है प्रेम की बात करना, उसे जीना और प्रेम करना. और तब कितना गैर जरूरी हो जाता है प्रेम के प्रतिरोधों को न$जरअंदाज करना.

प्रेम अपना अलग संसार बनाता है, यह प्रति संसार होता है. अपनी खूबी से यह जब चाहे मौसम को बदल दे, सर्दियों में लू के थपेड़े चलें या गर्मियां बर्फ की सर्दी के नीचे दुबक जायें. यह चाहे तो अमावस की रात जगमग कर दे या पूर्णमासी की रात अंधेरी हो जाये. प्रेम संसार की इस खूबी को लोग मनमानापन मानते हैं. कौन समझेगा यूरोपीय रेनेसां का महान कवि दांते और बिएट्रिस के प्रेम को? चौबीस साल की उम्र में (८ जून १९२०) को बिएट्रिस को देखा था. वह लम्हा विश्व साहित्य के इतिहास की महान प्रेरणा और अद्भाुत गाथा बन गया. बिएट्रिस की मौत ने दांते को बदल दिया. उस लम्हे और बिएट्रिस के अप्रतिम सौंदर्य को दांते $िजन्दगी भर जीते रहे. उसी प्रेम का परिणाम डिवाइन कॉमेडी जैसी अमर रचना थी. प्रेम के उदात्तीकरण का असर इतना गहरा होता है कि यह विफलता के बावजूद धड़कता हुआ इमोशनल स्पेस देता है. इसकी अपूर्णता मन को सालती है लेकिन वेदना और संकल्प जीवन के दस्तावेज बन जाते हैं जैसे बम से तबाह हो चुके वियतनाम में दान कान्ह और निशीना शांजो का प्रेम उनकी मौत के बाद भी धड़क रहा है.

रोमन कवि ओविड (४३ बीसी-१७ एडी) ने एक प्रेमकथा को लिखने का विषय बनाया. मूर्तिकार पिगमैलियन यूनान का बेहद खूबसूरत मर्द था. वह आइवरी, ब्रान्ज मॉरवलकी एक से बढ़कर एक सुन्दर मूर्तियां तराशता और लोग उसके फन के जादू में समा जाते. सारे यूनान की लड़कियां उस पर जान देती थीं, लेकिन पिगमैलियन के दिल के करीब कभी कोई लड़की आ ही नहीं पाती थी. अपनी कला के प्रति समर्पित पिगमैलियन सौंदर्य का सच्चा पुजारी था और उसी सौंदर्य का अंकन मूर्तियों में करना चाहता था. इसलिए उसकी हर मूर्ति सौंदर्य को रीडिफाइन और रीइंटरप्रेट करती. उसने आइवरी की ऐसी मूर्ति बनानी शुरू की जो खुद में कम्पलीट हो. मूर्ति बन गई. वही उसकी आइडियल ब्यूटी थी. उसने मूर्ति का नाम दिया गैलेटिया. पिगमैलियन उसे अपलक निहारता रहा, जब उसकी पलकों ने अपने दरवराजे बन्द किये तो वह उसी के ख्वाबों के साथ लिपटा रहा. जब उसने आंखें खोलीं तो उस दिन यूनान में प्रेम और सौंदर्य की देवी एफ्रोडाइट की उपासना का दिन था. पिगमैलियन पूजाघर गया और देवी एफ्रोडाइट से दुआ की कि गैलेटिया में रूह और $िजन्दगी आ जाए. देवी की आंखों से रोशनी की लकीर निकलकर फिजां में समा गई. वह घर लौटा तो देखा कि देवी अपना काम कर चुकी हैं. मूर्ति गैलेटिया स्त्री रूप में पैडेस्टल से नीचे उतरी और पिगमैलियन को बाहों में भर लिया. उसका कोमल आलिंगन, गर्माहट, नर्म छुअन को वह हमेशा जीता रहा, गढ़ता रहा, रचता रहा सौंदर्य के नये-नये प्रतिमान. ऐसी चाह एफ्रोडाइट जैसी उदारता, गैलेटिया जैसा प्रेम, उसकी नर्म छुअन के लिए ह$जार-ह$जार वैलेन्टाइन्स डे चाहिए, रोज चाहिए.

(लेखक इलाहाबाद के सक्रिय रंगकर्मी हैं. उनका अपना थियेटर ग्रुप बैकस्टेज है)

Friday, February 5, 2010

एक टुकड़ा याद


एक याद
सपने की मानिंद
उतरती है
रोज पलकों में,
नींद की चाप
सुनते ही
पंखुड़ी सी खुलने लगती है
आंखों में
रात भर गुनगुनाती है
मिलन के गीत,
दिखाती है सुंदर सपने
जिनमें होते हैं
न धरा, न आकाश
न फूल कोई, न मौसम
न पहाड़, न नदियां
बस एक टुकड़ा मैं
और एक टुकड़ा तुम.
हर सुबह
मैं इसे ख्वाब का
नाम देती हूं.

- प्रतिभा

Wednesday, January 27, 2010

टोहते

पारुल की दुनिया में गयी तो कुछ लाइनों में अटक ही गयी...
सो उस अटकन से निकलने के लिए पारुल के ब्लॉग से कुछ
बूँदें ले आई अपनी दुनिया में...मांगकर...शुक्रिया पारुल!


चाहें तो
रुख कर लें
अपनी-अपनी देहरियों का
चाहे तो
भटकन ही बना लें
शेष जीवन का उद्देश्य
जो भी हो,
जो भी
पर तय कर लें
कर लें सुनिश्चित
क्योंकि जीवन में
इत्मीनान बहुत $जरूरी है...
......
....
...
बरसों बाद खुद को टोहते
अपने निपट
एकाकीपन में जाना कि
तुम्हारे साथ
तुम्हारे बिना जीने से
अधिक प्रीतिकर रहा
तुम्हारे बिना तुम्हारे साथ जीना...
-पारुल

पारुल के ब्लॉग का लिंक-
http://parulchaandpukhraajkaa.blogspot.com/

Saturday, January 23, 2010

कुछ याद उन्हें भी कर लो


सुभाष चंद्र बोस. ये तीन शब्द किसी व्यक्ति का नाम भर नहीं हैं. इन तीन शब्दों को दोहराते हुए रगों में दौड़ते लहू की रफ्तार थोड़ी और बढ़ जाती है. देशभक्ति का सैलाब आंखों में उमड़ आता है. ऊर्जा, शक्ति, सोच का कभी न थमने वाला सिलसिला है सुभाष चंद्र बोस का नाम. आज उनका जन्मदिन है. उनका जन्मदिन कुछ खास ही मायने रखता है यूथ के लिए. शायद ही कोई युवा हो जो सुभाष के जज़्बे का कायल न हो. ये उनके नाम का ही असर है कि जो उनसे एक बार भी मिला उम्र फिर उसे कभी बूढ़ा न कर सकी.
मुझे याद है सन् 1999 का वो दिन. नवंबर के ही दिन थे. हल्की ठंड के उस मौसम में कैप्टन रामसिंह से मिलने की ख़्वाहिश लिये मैंने उनके घर पर दस्तक दी थी. वही आजाद हिंद फौज के सिपाही कैप्टन रामसिंह जिनकी जोशीली धुन पर सिपाही मार्च करते थे. आंखों में वही 'कदम-कदम बढ़ाये जा...Ó की धुन बजाते चमकती आंखों वाले कैप्टन रामसिंह की छवि थी. कैप्टन रामसिंह आये. वे बूढ़े हो चुके थे. बीमार भी थे. वे जो बोल रहे थे, उसे समझने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी. लेकिन वो जो नहीं बोल रहे थे, वो साफ सुनाई दे रहा था. नेता जी का नाम सुनते ही उनकी आंखें चमकने लगीं. जैसे अभी चल ही देंगे बस. उनका रोम-रोम न जाने कितनी कहानियां बयान कर रहा था. ये है जादू सुभाष के नाम का.
ये जादू कभी कम नहीं होगा. कभी भी नहीं. मुझे याद है कि अमर चित्रकथा में पहली बार पढ़ा था, सुभाष चंद्र बोस को. छ:-सात साल की उम्र रही होगी शायद. वो उनके विराट व्यक्तित्व का ही असर था शायद कि कुछ ही सालों में उनकी आत्मकथा ढूंढ निकाली थी. हर पेज से गुजरते हुए सिहरन सी महसूस होती थी. उस नन्ही उम्र में बहुत कुछ समझ की जद से यकीनन छूट ही गया होगा लेकिन फिर भी बहुत कुछ था जो साथ रह गया. कॉलेज पहुंचते-पहुंचते यही अहसास मैंने अपने दूसरे साथियों में भी महसूस किया. 'कदम-कदम बढ़ाये जा...Ó की धुन अंदर कहीं बजने लगती है उनका नाम लेते ही.
कॉलेज की कैंटीन हो या डिबेट के लिए तैयार किया गया डायस सुभाष अब भी हर जगह मौजूद हैं. हर युवा में वे ऊर्जा बनकर, हौसला बनकर दौड़ रहे हैं. धर्म, जाति, प्रांत की सरहदों से परे सिर्फ एक जज़्बा. पिछले दिनों एक परिवार से मुलाकात हुई. ऐसा परिवार जो पिछले तीन दिनों से 23 जनवरी का इंत$जार कर रहा है डिलीवरी के लिए. वे अपना बच्चा (जो कि सिजेरियन होना है) 23 जनवरी को ही दुनिया में लाना चाहते हैं. ये है सुभाष चंद्र बोस का असर. कश्मीर से कन्याकुमारी तक. एक और बात सुभाष चंद्र बोस के बारे में बेहद दिलचस्प लगती है कि वो इकलौते ऐसे फ्रीडम लीडर हैं, जो कभी भी नहीं मरेंगे. उनकी मौत से जुड़ी जितनी कहानियां हैं, उससे ज्यादा बड़ी हैं उनके होने को लेकर आस्थाएं. इतिहास में कहीं उनकी मृत्यु का प्रमाण नहीं. अपने प्रिय नेता को हमेशा जिंदा रखने का इससे अच्छा बहाना भला और क्या हो सकता है. जब-तब उनके होने को लेकर, उनके जैसे किसी शख्स के होने को लेकर खबरें आती रहती हैं कि शायद वे सुभाष हैं...सुभाष कभी नहीं मरेंगे क्योंकि सुभाष कभी नहीं मरते.
हम सबमें ऊर्जा का प्रवाह भरने वाले सुभाष के जन्मदिन पर आज पूरा देश गौरवान्वित है. आज 23 जनवरी को जन्मे ढेर सारे बच्चों में से कुछ बच्चे भी अगर सुभाष हो जायें तो...ये एक ख़्वाब है. लेकिन ऐसा हो भी तो सकता है. हो रहा भी तो है. हर यूथ में कहीं न कहीं सुभाष सांस ले ही रहे हैं. जब भी कुछ गलत होता देखते हैं, तो मन बेचैन हो उठता है. पूरे सिस्टम को उखाड़ फेंकने का, नया सिस्टम बनाने का जी चाहता है. यही तो है सुभाष होना. मंजूनाथ में भी सुभाष ही तो थे, चंद्रशेखर में भी...हर उस अवेयर यूथ में सुभाष ही तो हैं, जो समझौतों में बिलीव नहीं करता. जो खारिज कर देता है मिडियॉकर होने को. जो जिंदगी को अपनी शर्तों पर, अपनी तरह से जीना चाहता है. जो अपने लक्ष्य और राहों को लेकर क्लियर है. सुभाष हैं...हमेशा रहेंगे. जब भी मन निराशा से भर उठे और अंदर से आवाज आये कदम-कदम बढ़ाये जा...तो समझ लीजिए की सुभाष हैं. यहीं कहीं.

- Pratibha

Wednesday, January 20, 2010

बुद्धू सा एक मन, कुछ आहटें और बसंत


कबसे महसूस हो रहा था कि कोई है जो पीछे चल रहा है. कोई आहट सी थी जो लगातार पीछे महसूस हो रही थी. पलटकर देखा तो कोई नहीं...कोई भी नहीं. ध्यान हटाया, कुछ और सोचने का मन बनाया. लेकिन चंद कदम चलते ही फिर आहटें पीछा करने लगी. मुस्कुरा पड़ी मैं. बुढ़ा गई हूं...कान बजने लगे हैं. कोई नहीं है...सचमुच कोई भी तो नहीं. सब अपनी जगह पर स्थिर...सब अपनी गति से चलते हुए. रास्ते वही...फासले वही. कोई भी तो नहीं. कहीं नहीं. क्यों लगता है कि कोई पीछे-पीछे चल रहा है. अब आंखें, कान, नाक, दिमाग चौकन्ना होने लगा था. जासूसी फिल्मों का सा सीन बन रहा था. कदम आगे बढ़ाते हुए और ध्यान पीछे लगाते हुए. जब तक ध्यान पीछे रहता कोई आहट नहीं आती और जैसे ही ध्यान हटता किसी के कदमों की चाप सुनाई देती. एकदम साफ सुनाई देती. मुझे लगा अब डॉक्टर के पास जाना होगा शायद. किसी को बताया तो बिना मेडिकल सर्टिफिकेशन के ही पागल मानने वालों की कमी नहीं है.
लेकिन ये आहटें लगातार बेचैन कर रही थीं. कोई तो है जो मुझे दिक कर रहा है. ऐसे मौकों पर रास्ते भी फैलकर और लम्बे हो जाते हैं. खत्म ही नहीं होते. सारी दुनिया किस कदर खुश है. किसी उत्सव में मगन है और मुझे न जाने कौन सी बीमारी लग गई सुबह-सुबह. बैठ ही जाती हूं सीढिय़ों पर. मुस्कुराती हूं. देखती हूं कहां हैं आहटें. कब तक मुंह छुपायेगा यूं पीछे चलने वाला. जानती हूं कोई नहीं फिर भी चाहती हूं कि कहीं कोई हो...ये आहटें भ्रम न हों. चल देती हूं ताकि चलती रहें आहटें पीछे-पीछे. भ्रम ही सही कि कहीं कोई है जो हर पल साथ है. शरारत ही सही. ये जीवन शरारतों के नाम ही सही. पूरे वक्त उन आहटों के बारे में सोचती रही. किसके होने का इंत$जार है ये सोचती रही. काम...व्यस्तताएं...परेशानियां...सब नाकाम. आहटों की कैद में रहना अच्छा भी लग रहा था. जैसे घनघोर ठंड में कोहरे को बूंद-बूंद पीना, गर्म कॉफी के घूंट की तरह...तेज बारिशों के साथ खुद भी एक धार हो जाना. ओह...कैसा हो जाता है जीवन. कैसी-कैसी आदतें लग जाती हैं. और ये आहटें...अब गुस्सा नहीं आ रहा. अगर ये भ्रम है, तो भ्रम ही सही. घर के करीब पहुंचने पर महसूस हुआ कि कोई दुपट्टे का कोना खींच रहा है धीरे-धीेरे. पलटती हूं तो कोई नहीं...एक झोंका...तेज हवा का... नहला कर जाता है सर से पांव तक. सिहरन सी महसूस होती है. मेरे ही भीतर से आवाज आती है बसंत मुबारक...ओह तो ये बसंत था जो साथ चल रहा था...उसकी आहटें थीं जिन्हें पहचान नहीं पा रही थी. मैं भी कैसी बुद्धू हूं...खैर, आप सबको बसंत मुबारक!

- प्रतिभा